जकार्ता, 4 जून। पूर्व विश्व नंबर एक पीवी सिंधु व आयुष शेट्टी को यहां इंडोनेशिया ओपन के प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में गुरुवार को हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही BWF टूर सुपर 1000 टूर्नामेंट के एकल वर्ग से भारतीय चुनौती समाप्त हो गई। हालांकि, हरिहरन आमसकारुनन व एमआर अर्जुन की जोड़ी ने पुरुष युगल के एक कड़े मुकाबले में जीत हासिल कर पहली बार अंतिम आठ में जगह बना ली है।
Day 3 for the Indian shuttlers at the Polytron Indonesia Open 2026 🇮🇳🏸✨ pic.twitter.com/AyFhDOjs58
— BAI Media (@BAI_Media) June 4, 2026
एन से-यंग के हाथों सिंधु की लगातार 10वीं हार
दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता सिंधु इस्तोरा सेनायन के कोर्ट नंबर एक पर खेले गए दिन के दूसरे मैच में विश्व नंबर एक व मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन एन से-यंग के हाथों 44 मिनट में 17-21, 15-21 से हार गईं। सिंधु पर कोरियाई शटलर के प्रभुत्व का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि दोनों शटलरों की आपसी मुलाकात में एन का रिकॉर्ड 10-0 तक जा पहुंचा है।
Top seed An Se Young 🇰🇷 goes up against Pusarla V. Sindhu 🇮🇳.#BWFWorldTour #IndonesiaOpen2026 pic.twitter.com/bcPFl3hgGp
— BWF (@bwfmedia) June 4, 2026
30 वर्षीय सिंधु ने शुरुआती गेम में काफी समय तक एन से-यंग कोकड़ी टक्कर देते हुए अपने आक्रामक खेल की झलक दिखाई। हालांकि, अहम मौकों पर अपने खेल का स्तर ऊपर उठाने की एन की काबिलियत एक बार फिर निर्णायक साबित हुई। पहले गेम के आखिर में बढ़त बनाने के बाद टॉप सीड खिलाड़ी ने दूसरे गेम में अपनी निरंतरता और कोर्ट कवरेज के बूते मैच पर पूरी तरह से नियंत्रण बनाए रखते हुए क्वार्टर-फाइनल में जगह बना ली।
हांगकांग के ली च्युक के हाथों तीन गेमों के संघर्ष में हारे आयुष
उधर विश्व रैंकिंग में 20वें नंबर पर काबिज 21 वर्षीय आयुष ने कोर्ट नंबर एक पर ही पहला गेम जीतकर शानदार शुरुआत की, लेकिन वह हांगकांग-चीन के अनुभवी शटलर ली च्युक यू के खिलाफ एक घंटे तक खिंची कश्मकश में 21-16, 13-21, 14-21 से हार गए।
Into the Quaters 💯
M.R. Arjun & Hariharan Amsakarunan defeat the World No. 23 Malaysian pair at the Indonesia Open. 🇮🇳🏸
📸 @badmintonphoto pic.twitter.com/Iz4iiz6oJB— BAI Media (@BAI_Media) June 4, 2026
हरिहरन व अर्जुन ने तीन गेमों के संघर्ष में मलेशियाई टीम को मात दी
एकल में भारतीय चुनौती खत्म होने की निराशा के बीच हरिहरन और अर्जुन ने पुरुषों के युगल मुकाबले में भारत की तरफ से दिन का सबसे शानदार प्रदर्शन किया। विश्व नंबर 30 भारतीय जोड़ी ने धीमी शुरुआत से उबरते हुए मलेशिया के ए. ताई और केएक्स कांग को 48 मिनट में 16-21, 21-15, 21-19 से हराकर क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। हरिहरन व अर्जुन का सामना अब दुनिया की पूर्व नंबर एक मलेशियाई जोड़ी गोह जे फेई व नूर इज्जुद्दीन रुमसानी से होगा।
मिश्रित युगल में रोहन व गड्डे की जोड़ी परास्त
हालांकि मिश्रित युगल में रोहन कपूर व ऋतविका गड्डे का साहसिक अभियान खत्म हो गया। चतुर्थ वरीय फ्रांसीसी थोम गिस्क्वेल व डेल्फिन डेलरु ने विश्व नंबर 41 भारतीय जोड़ी को 36 मिनट में 21-13, 21-12 से परास्त किया।

