Site icon Revoi.in

पेरिस ओलम्पिक : भारतीय पुरुष 4X400 मीटर रिले टीम 0.5 सेकेंड के अंतर से फाइनल से चूकी

Social Share

पेरिस, 9 अगस्त। भारतीय पुरुष 4×400 मीटर रिले टीम ने समाप्ति की ओर बढ़ चले पेरिस ओलम्पिक के 14वें दिन शुक्रवार को अपनी हीट में पांचवें स्थान पर रहने के लिए 3:00.58 का सीजन का सर्वश्रेष्ठ समय निकाला, लेकिन मामूली अंतर से फाइनल में जगह बनाने से चूक गई।

पेरिस 2024 में भारत का एथलेटिक्स अभियान भी समाप्त

इस परिणाम के साथ ही पेरिस ओलम्पिक में भारत का एथलेटिक्स अभियान भी समाप्त हो गया। पुरुषों की भाला फेंक में रजत पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा एकमात्र भारतीय ट्रैक एंड फील्ड एथलीट थे, जो ओलम्पिक पोडियम पर खड़े हुए थे।

अनस, रमेश, जैकब व अजमल की चौकड़ी ने सत्र का सर्वश्रेष्ठ समय निकाला

स्टेड डी फ्रांस में दूसरी हीट में प्रतिस्पर्धा करने उतरी मोहम्मद अनस, राजेश रमेश, अमोज जैकब और मोहम्मद अजमल की भारतीय चौकड़ी जाम्बिया द्वारा हासिल किए गए 3:00.58 के कट-ऑफ समय से सिर्फ 0.50 सेकेंड पीछे रही।

मोहम्मद अजमल का समय भारतीय धावकों में सर्वश्रेष्ठ

मोहम्मद अजमल ने दूसरे चरण में दौड़ लगाई और 44.55 सेकेंड में भारतीय पुरुषों में सर्वश्रेष्ठ समय हासिल किया। इसी भारतीय टीम ने पिछले साल बुडापेस्ट में विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में 2:59.05 का राष्ट्रीय रिकॉर्ड हासिल किया था। यह एशियाई रिकॉर्ड भी है।

बोत्सवाना 2:57.76 समय के साथ ओवरऑल हीट में शीर्षस्थ

कुल आठ टीमें इस रिले रेस के फाइनल में उतरेंगी। इनमें दोनों हीट से शीर्ष तीन-तीन टीमें और बाकी दौड़ों से दो सर्वश्रेष्ठ फिनिशर शामिल हैं। भारतीय टीम स्टैंडिंग में 11वें स्थान पर रही। फ्रांसीसी टीम ने 2:59.53 समय में दूसरी रेस जीती जबकि जमैका 2:59.81 के साथ दूसरे स्थान पर रहा। बेल्जियम 2:59.84 के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहा। टोक्यो 2020 के कांस्य पदक विजेता बोत्सवाना ने 2:57.76 के साथ ओवरऑल हीट में शीर्ष स्थान हासिल किया।

महिला 4x400 मीटर रिले टीम अपनी हीट में अंतिम स्थान पर रही

दूसरी तरफ ज्योतिका श्री दांडी, एमआर पूवम्मा, विथ्या रामराज और सुभा वेंकटेशन की भारतीय महिला 4×400 मीटर रिले टीम 3:32.51 के समय के साथ अपनी हीट में आठवें और अंतिम स्थान पर रही।

ज्योतिका श्री दांडी दूसरे स्थान पर रहीं और उन्होंने 51.30 सेकेंड में भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ समय निकाला। टोक्यो 2020 के कांस्य पदक विजेता जमैका ने दूसरे हीट में सबसे तेज समय दर्ज किया, जो 3:24.92 के समय के साथ नीदरलैंड्स और आयरलैंड से आगे रहा। मौजूदा चैंपियन यूएसए ने 3:21.44 के समय के साथ तीव्रतम समय निकालते हुए ओवरऑल हीट का नेतृत्व किया। भारत ओवरऑल स्टैंडिंग में 15वें स्थान पर रहा।

गोल्फ : तीसरे दौर में अदिति अशोक दीक्षा डागर लड़खड़ाईं

उधर महिला गोल्फ टूर्नामेंट के तीसरे दौर में भारतीय गोल्फर अदिति अशोक और दीक्षा डागर लड़खड़ा गईं। भारतीय जोड़ी ने गुरुवार को दूसरे दौर के अंत तक 1-अंडर 143 का स्कोर दर्ज किया था। हालांकि, शुक्रवार को दोनों गोल्फर स्टैंडिंग में नीचे खिसक गई। दूसरे राउंड के बाद 14वें स्थान पर बराबरी पर रहीं अदिति व दीक्षा अब अंतिम दौर से पहले क्रमशः T40 और T42 पर हैं। तीसरे दिन की समाप्ति पर अदिति का स्कोर 6 ओवर 222 रहा जबकि दीक्षा 7 ओवर 223 के स्कोर से गोल्फ कोर्स से बाहर निकलीं।