Site icon hindi.revoi.in

कनाडा ओपन : तान्या व आकर्षि की दूसरे दौर में हार के साथ भारतीय चुनौती खत्म

Social Share

मार्खम (कनाडा), 3 जुलाई। तान्या हेमंत और आकर्षि कश्यप को महिला एकल के दूसरे दौर में पराजय झेलनी पड़ी। इसके साथ ही कनाडा ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई।

ओंटारियो के मार्खम पैन एम सेंटर के कोर्ट नंबर तीन पर खेले गए दिन के छठे मैच में तीसरी सीड जापानी रिको गुंजी ने विश्व रैंकिंग में 58वें नंबर पर काबिज तान्या को सिर्फ 31 मिनट में 21-11, 21-11 से पराजित किया। रिको गुंजी ने पिछले सप्ताह यूएस ओपन के पहले राउंड में तान्या को बाहर किया था।

वहीं विश्व रैंकिंग में 71वें नंबर पर काबिज 24 वर्षीय आकर्षि ने कोर्ट नंबर दो पर चौथी वरीयता प्राप्त अमेरिकी बेइवेन झांग को कड़ी टक्कर दी, लेकिन एक घंटे सात मिनट तक चले संघर्ष में उन्हें 20-22, 21-17, 21-17 से हार का सामना करना पड़ा। आकर्षि अब तक झांग के खिलाफ खेले गए तीन मुकाबलों में एक भी जीत हासिल नहीं कर पाई हैं।

उल्लेखनीय है कि पिछले हफ्ते यूएस ओपन में उपजेता रहे पूर्व विश्व नंबर एक किदांबी श्रीकांत ने गुरुवार को मलेशिया के ओलम्पिक मेडलिस्ट ली जी जिया के खिलाफ अपने मैच के पहले ही गेम में चोट की वजह से कोर्ट छोड़ने का फैसला किया था।

वहीं महिला एकल में देविका सिहाग, रक्षिता रामराज, अनमोल खरब और श्रियांशी वालिसेट्टी और पुरुष सिंगल्स में सनीथ दयानंद और शंकर सुब्रमण्यन को भी पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ा। पुरुष युगल में चुनौती पेश करने वाली एकमात्र जोड़ी यानी अच्युतादित्य राव डोड्डावरपु व अर्जुन रेड्डी पोचाना को भी पहले ही दिन बाहर होना पड़ा था। भारतीय शटलर अब 14 जुलाई से शुरू होने वाले जापान ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट में खेलते नजर आएंगे।

Exit mobile version