कुआलालंपुर, 22 मई। भारतीय शटलर अश्मिता चालिहा शुक्रवार को यहां मलेशिया मास्टर्स सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल क्वार्टर फाइनल में कड़े संघर्ष में हार गई। इसके साथ ही BWF टूर की इस स्पर्धा में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई।
तीन गेमों के संघर्ष में आठवीं सीड डेनिस शटलर होजमार्क से हारीं
चोट से उबरने के बाद वापसी करने वाली 26 वर्षीय चालिहा ने स्टेडियम एग्जिआटा एरेना के कोर्ट नंबर तीन पर खेले गए दिन के तीसरे मैच में डेनमार्क की विश्व नंबर 23 शटलर लाइन होजमार्क केयर्सफेल्ड के खिलाफ दमदार शुरुआत की और कड़े संघर्ष के बाद पहला गेम जीत लिया। लेकिन आठवीं सीड लाइन होजमार्क ने उसके बाद लय पकड़ी और 61 मिनट की कश्मकश के बाद 21-23, 21-18, 21-11 की जीत से सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
BWF रैंकिंग में 71वें क्रम की चालिहा ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले गेम में मध्यांतर तक 11-6 की बढ़त बना ली। केयर्सफेल्ट ने यहां से वापकी की और 19-18 से आगे हो गईं। लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने संयम बनाए रखा और गेम अपने नाम कर लिया।
दूसरा गेम भी कुछ इसी तरह चला, जिसमें चालिहा ने एक बार फिर 10-5 की बढ़त बना ली, लेकिन डेनमार्क की खिलाड़ी ने 13-13 से बराबरी कर ली। इसके बाद लाइन ने मैच को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया। अंतिम गेम पूरी तरह से एकतरफा रहा क्योंकि लाइन ने शुरुआत में ही 8-4 की बढ़त बनाकर अपना दबदबा कायम कर लिया और चालिहा को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
गौरतलब है कि लक्ष्य सेन व एचएस प्रणय बुधवार को पहले ही दौर में हारकर बाहर हो गए थे जबकि मालविका बंसोड़ व देविका सिहाग सहित गुरुवार को कोर्ट पर उतरने अन्य भारतीय खिलाड़ियों पूर्व क्वार्टर फाइनल में पराजय झेलनी पड़ी थी।

