Site icon hindi.revoi.in

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार ने दिया अपडेट – पाकिस्तान के खिलाफ अभिषेक शर्मा खेलेंगे 

Social Share

कोलंबो, 14 फरवरी। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ICC टी20 विश्व कप में रविवार को यहां खेले जाने वाले महामुकाबले की पूर्व संध्या पर ओपनर अभिषेक शर्मा की फिटनेस पर अपडेट देते हुए कहा कि वह अब पूरी तरह फिट हैं और पाकिस्तान के खिलाफ खेलेंगे।

पेट में संक्रमण के चलते अभिषेक को पिछले दिनों दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था और वह नामीबिया के खिलाफ मैच में नहीं खेल सके थे। अभिषेक को लेकर पूछे गए प्रश्न पर सूर्यकुमार ने इशारों ही इशारों में बता दिया। दरअसल, भारत से पहले पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने कहा था कि वह चाहते हैं कि अभिषेक इस मुकाबले में खेलें।

‘मैच से पहले तय करेंगे कि पाक खिलाड़ियों से हाथ मिलाना है अथवा नहीं’

आर प्रेमदासा स्टेडियम में शाम सात बजे से प्रस्तावित मुकाबले को लेकर मीडिया से मुखातिब सूर्यकुमार ने मैच में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने की बाबत भी स्थिति साफ करते हुए कहा, ‘हम मैच से पहले यह तय करेंगे कि इस बाबत क्या करना है।’

सूर्य कुमार से जब पूछा गया कि क्या भारतीय टीम कल के मैच में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाएगी तो भारतीय क्रिकेट टीम के टी20 कप्तान सूर्य कुमार यादव ने कहा, ‘24 घंटे इंतज़ार करें। हम यहां क्रिकेट खेलने आए हैं। हम अच्छी क्रिकेट खेलेंगे। अच्छा खाना खाएंगे और सोएंगे। हम कल इस पर फैसला करेंगे।’ इसके पूर्व पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस बाबत भारतीय टीम को निर्णय लेना है।

एशिया कप के तीनों मैचों में भारतीय क्रिकेटरों ने हाथ मिलाने से परहेज किया था

स्मरण रहे कि पिछले वर्षान्त यूएई में एशिया कप के दौरान फाइनल सहित तीन बार भारत व पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने हुई थीं। लेकिन पहलगाम हमले के विरोध में  भारतीय खिलाड़ियों ने तीनों मैचों में विपक्षी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था और खिताबी जीत के बाद तो भारतीय टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन व एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के प्रमुख मोहसिन नकवी के हाथों मेडल लेने से ही इनकार कर दिया था।

सूर्यकुमार ने कुलदीप यादव के खेलने, उस्मान तारिक सहित कई पहलुओं को लेकर अपने जवाब दिए। उन्होंने कहा, ‘हम इस मैच को खेलने के हमेशा ही मानसिक रूप से तैयार थे। और हो रहे घटनाक्रम के बीच हमारा पूरा ध्यान अपनी तैयारियों पर केंद्रित था।’

‘मौसम पर हमारा कोई नियंत्रण नहीं’

वहीं, कोलंबो के मौसम को लेकर भारतीय कप्तान ने कहा, ‘यह वह पहलू है, जिस पर हमारा कोई कंट्रोल नहीं है। हम अच्छी क्रिकेट खेलने पर ही नियंत्रण कर सकते हैं। हमने इस मैदान पर बहुत अधिक क्रिकेट खेली है और यह अनुभव हमारे काम आएगा।’ ज्ञातव्य है कि मौसम विभाग ने कोलंबो में रविवार की शाम खराब मौसम की भविष्यवाणी कर रखी है। इसके मैच में व्यवधान उत्पन्न होने की आशंका है।

पाकिस्तानी गेंदबाज उस्मान तारिक के खिलाफ रणनीति पर दिया ये जवाब

पाकिस्तानी गेंदबाज उस्मान तारिक के खिलाफ रणनीति पर सूर्या ने कहा, ‘कभी-कभी एग्जाम में आउट ऑफ सिलेबस सवाल आ जाता है, इसलिए हम इसे इग्नोर नहीं कर सकते। इससे निबटने के लिए, आपको कुछ ट्राई करना होगा। आपको अपना तरीका अपनाना होगा और हम इसी तरह कोशिश करते हैं। गेंदबाजी के मामले में वह एक अलग कैरेक्टर है, लेकिन साथ ही, हम सरेंडर नहीं कर सकते। इसलिए, हम एक जैसे गेंदबाज और एक जैसे एक्शन के साथ अभ्यास करते हैं, और हम जाहिर तौर पर सिर्फ वही करने की कोशिश करेंगे।’

‘पहले दो मैचों के दौरान बल्लेबाजी में हमारी शुरुआत तनिक खराब रही’

टी20 विश्व कप 2026 में अब तक भारत की बल्लेबाजी कमजोर रही है। दो जीत के बाद भी भारत का मध्यक्रम अमेरिका व नामीबिया के खिलाफ मैचों में मुश्किल में रहा है। सूर्यकुमार ने कहा, ‘हमारी शुरुआत थोड़ी खराब रही, हम इस सच्चाई से मुंह नहीं मोड़ सकते। कोई बहाना नहीं चलेगा। सभी बल्लेबाजों ने काफी क्रिकेट खेली है, मुश्किल विकेट पर बल्लेबाजों को अपनी रणनीति बनानी चाहिए। हमने अच्छी शुरुआत की, लेकिन थोड़ा लड़खड़ा गए, फिर हमने उसे अच्छे से संभाल लिया। यही टी20 क्रिकेट की खूबसूरती है।’

Exit mobile version