Site icon hindi.revoi.in

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल : पुरुष हॉकी में रजत पदक के साथ भारतीय अभियान का समापन, फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की बड़ी जीत

Social Share

बर्मिंघम, 8 अगस्त। 22वें राष्ट्रमंडल खेलों के 11वें व अंतिम दिन सोमवार को बैडमिंटन व टेबल टेनिस में मिले चार स्वर्ण पदकों की खुशी उस वक्त थोड़ी फीकी हो गई, जब अंतिम स्पर्धा यानी पुरुष हॉकी फाइनल में भारतीय टीम शक्तिशाली ऑस्ट्रेलिया का तिलिस्म एक बार फिर नहीं तोड़ सकी और 0-7 की शर्मनाक पराजय के साथ उसे रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इसके पूर्व कांस्य पदक के लिए खेले गए मैच में इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 6-3 से हराकर लगातार तीसरी बार कांस्य पदक जीता।

एकदम हत्थे से उखड़ी दिखी भारतीय टीम 0-7 से परास्त

लीग चरण में अपराजेय रहकर पूल में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाली भारतीय टीम अप्रत्याशित रूप से बिल्कुल फॉर्म में नहीं दिखी। फॉरवर्ड पंक्ति में तालमेल नहीं था और डिफेंस को ऑस्ट्रेलिया ने पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया। कोढ़ में खाज यह कि कप्तान मनप्रीत सिंह को कंधे में चोट लग गई, जिससे टीम का प्रदर्शन बुरी तरह प्रभावित हो गया।

ऑस्ट्रेलिया ने आधे समय तक 5-0 की बढ़त ले रखी थी

कुल मिलाकर देंखें तो दिल्ली राष्ट्रमंडल खेल 2010 की कड़वीं यादें हॉकी प्रेमियों के जेहन में फिर ताजा हो गई, जब फाइनल में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत को 8-0 से धराशायी किया था। आधे समय तक 5-0 की बढ़त ले चुके ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथन एफराम्स व जैकब एंडरसन ने दो-दो गोल दागे जबकि ब्लैक गोवर्स, टॉम विकहैम और फिन ओजिलवी ने एक-एक बार गोल पट्टी गुंजाई।

ऑस्ट्रेलिया ने अब तक सभी 7 स्वर्ण पदक जीते हैं

राष्ट्रमंडल खेलों में 1998 में हॉकी को शामिल किए जाने के बाद से अब तक सभी सात स्वर्ण स्ट्रेलिया ने जीते हैं। तीसरी बार फाइनल खेलने वाले भारत ने 2010 में दिल्ली और 2014 में ग्लास्गो में भी रजत पदक जीते थे।

भारत 22 स्वर्ण सहित 61 पदकों के साथ चौथे स्थान पर रहा

फिलहाल भारत ने इन खेलों में 22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य सहित 61 पदकों के साथ अपने अभियान का समापन किया और पदक तालिका में ऑस्ट्रेलिया (67+57+54=178), इंग्लैंड (57+66+53=176) व कनाडा (26+32+34=92) के बाद चौथे स्थान पर रहा।

भारतीय दल के पदक विजेता

Exit mobile version