Site icon Revoi.in

तीरंदाजी विश्व कप : भारत ने जीता पांचवां स्वर्ण, पुरुष रिकर्व टीम ने ओलम्पिक चैम्पियन कोरिया को दी शिकस्त

Social Share

शंघाई, 28 अप्रैल। भारतीय धनुर्धरों ने यहां तीरंदाजी विश्व कप प्रथम चरण में दूसरे दिन भी शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए पांचवां स्वर्ण पदक पक्का किया, जब धीरज बोम्मदेवरा, तरुणदीप राय और प्रवीण जाधव की पुरुष रिकर्व टीम ने रविवार को फाइनल में मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन दक्षिण कोरिया को पछाड़ते हुए 14 वर्षों बाद तीरंदाजी विश्व कप में ऐतिहासिक जीत हासिल की।

भारत ने 5 स्वर्ण सहित कुल 8 पदक जीते

भारत ने इस वैश्विक आयोजन से पांच स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य सहित कुल आठ पदक जीते। इससे आगामी पेरिस ओलम्पिक खेलों में जगह पक्की करने की भारतीय तीरंदाजों की संभावनाओं को बल मिलेगा।

धीरज, तरुणदीप व प्रवीण की तिकड़ी ने किया करिश्मा

धीरज, तरुणदीप और प्रवीण की तिकड़ी ने शानदार धैर्य दिखाते हुए एक भी सेट गंवाए बिना बेहद मजबूत कोरियाई तीरंदाजों – किम वूजिन, किम जे डेओक व ली वू सियोक से बेहतर प्रदर्शन किया। सेना के 40 वर्षीय के तरुणदीप अगस्त, 2010 में शंघाई विश्व कप के चौथे चरण में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे। तब राहुल बनर्जी, तरुणदीप और जयंत की रिकर्व टीम ने जापान को हराया था। स्पर्धा की शीर्ष दो वरीयता प्राप्त टीमों के मुकाबले में भारत ने 5-1 (57-56, 57-55, 55-53) से जीत हासिल की।

ज्योति सुरेखा की अगुआई मे भारत ने पहले दिन कंपाउंड वर्ग में जीते थे 4 स्वर्ण

मौजूदा विश्व कप में भारत का यह पांचवां स्वर्ण पदक था। इसके पूर्व शनिवार को एशियाई खेलों की मौजूदा चैम्पियन ज्योति सुरेखा वेन्नम की अगुआई में भारतीय तीरंदाजों ने चार स्वर्ण पदक जीते थे। ज्योति सुरेखा ने महिला कंपाउंड व्यक्तिगत वर्ग में बाजी मारने के साथ ही दिन में अपनी गोल्डन हैट्रिक पूरी की थी। इसके पूर्व अभिषेक वर्मा और ज्योति सुरेखा की कम्पाउंड मिश्रित टीम ने देश के लिए तीसरा स्वर्ण पदक पक्का किया था जबकि भारतीय पुरुष और महिला कंपाउंड टीमों ने स्वर्ण पदक जीते थे। वहीं प्रियांश ने पुरुषों के व्यक्तिगत कंपाउंड वर्ग में पहला विश्व कप रजत पदक जीता था।

अंकिता व धीरज ने रिकर्व मिश्रित टीम वर्ग में जीता कांस्य

दूसरे दिन पुरुष रिकर्व टीम की शानदार सफलता के बाद अंकिता भकत और धीरज की रिकर्व मिश्रित टीम ने भी कांस्य पदक जीतकर भारतीय दल की खुशियों में इजाफा किया। भारतीय जोड़ी ने मेक्सिको की एलेजांद्रा वेलेंशिया और मटियास ग्रांडे की जोड़ी को 6-0 (35-31, 38-35, 39-37) से शिकस्त दी।

दीपिका कुमारी महिला रिकर्व व्यक्तिगत वर्ग में रजत पा सकीं

हालांकि मां बनने के बाद खेल से दूर रहीं अनुभवी दीपिका कुमारी महिला रिकर्व के व्यक्तिगत फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सकी। उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। विश्व रैंकिंग की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी ने 30वीं वरीयता प्राप्त होने के बाद प्रतियोगिता में काफी नीचे से शुरुआत की थी। उन्होंने क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में दो कोरियाई खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखाया, लेकिन फाइनल में दीपिका हांग्झोउ एशियाई खेलों की चैम्पियन लिम सिह्योन से सीधे सेटों में 6-0 (26-27, 27-29, 27-28) से हार गईं।

तीरंदाजी में भारत को अब तक पेरिस ओलम्पिक के लिए सिर्फ एक कोटा मिला है

भारत ने तीरंदाजी में पेरिस ओलम्पिक के लिए अब तक सिर्फ एक कोटा हासिल किया है। यह कोटा धीरज ने पुरुष व्यक्तिगत वर्ग में अर्जित किया है। ओलम्पिक के लिए आखिरी ओलम्पिक क्वालीफाइंग स्पर्धा 18 से 23 जून तक तुर्की के अंताल्या में विश्व कप का तीसरा चरण है, जिसके बाद टीम रैंकिंग के आधार पर दो अतिरिक्त कोटा मिलेगा।

यह पहली बार है जब टीम रैंकिंग के आधार पर ओलम्पिक कोटा मिलेगा। क्वालीफायर से पेरिस का टिकट कटाने में नाकाम रही टीमों में से दो सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग की टीमों को ओलम्पिक जाने का मौका मिलेगा। भारत (231 अंक) अब विश्व रैंकिंग में चीन (241) और शीर्ष पर काबिज दक्षिण कोरिया (340) के बाद तीसरे स्थान पर है और पेरिस ओलम्पिक में जगह बनाने के लिए अच्छी स्थिति में है।