हनोई, 19 मई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को हनोई में वियतनाम के उप-प्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री फान वान जियांग के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों नेताओं ने भारत और वियतनाम के बीच बढ़ती रक्षा साझेदारी की समीक्षा की तथा समुद्री सुरक्षा, रक्षा उद्योग, सैन्य प्रशिक्षण और क्षेत्रीय स्थिरता में सहयोग को और मजबूत बनाने के उपायों पर चर्चा की।
हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में शांति और नौवहन की स्वतंत्रता पर जोर
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। दोनों मंत्रियों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता, सुरक्षा, संरक्षा और नौवहन की स्वतंत्रता बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने सैन्य प्रशिक्षण, रक्षा उद्योग सहयोग, समुद्री सुरक्षा, क्षमता निर्माण, संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों, साइबर सुरक्षा और उच्च स्तरीय आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।
Có cuộc gặp song phương hiệu quả với Đại tướng Phan Văn Giang, Bộ trưởng Quốc phòng Việt Nam. Hai bên đã xem xét mối quan hệ đối tác quốc phòng ngày càng phát triển giữa Ấn Độ và Việt Nam và thảo luận các cách thức để tăng cường hơn nữa hợp tác trong… pic.twitter.com/byFhvHMJ2D
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) May 19, 2026
एआई और क्वांटम टेक्नोलॉजी में समझौता
भारत के मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशंस इंजीनियरिंग और वियतनाम की टेलीकम्युनिकेशंस यूनिवर्सिटी के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया। इसे भारत-वियतनाम व्यापक रणनीतिक साझेदारी में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
वियतनाम में एआई लैब स्थापित करेगा भारत
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वियतनाम के न्हा ट्रांग स्थित दूरसंचार विश्वविद्यालय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रयोगशाला स्थापित करने की घोषणा की। इसके अलावा दोनों रक्षा मंत्रियों ने वियतनाम के वायुसेना अधिकारी महाविद्यालय में भारतीय सहायता से स्थापित भाषा प्रयोगशाला का वर्चुअल उद्घाटन भी किया।
रक्षा आधुनिकीकरण में सहयोग बढ़ाने पर सहमति
राजनाथ सिंह ने वियतनाम के साथ भारत की उन्नत व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि भारत वियतनाम के रक्षा आधुनिकीकरण और क्षमता संवर्धन कार्यक्रमों में सहयोग जारी रखेगा। वहीं, जनरल फान वान जियांग ने भारत के निरंतर समर्थन की सराहना करते हुए दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही मित्रता और रणनीतिक साझेदारी को महत्वपूर्ण बताया।
Honoured to call on the General Secretary and President of Vietnam during my visit to Vietnam. Conveyed warm greetings from Prime Minister Shri @narendramodi and reaffirmed India’s commitment to further deepen Defence cooperation, which is a key pillar of the Enhanced… pic.twitter.com/Rt8YwGtKr4
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) May 19, 2026
वियतनाम के राष्ट्रपति से भी की बातचीत
द्विपक्षीय बैठक के बाद राजनाथ सिंह ने वियतनाम के महासचिव और राष्ट्रपति तो लाम से फोन पर बातचीत की। उन्होंने भारत के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की ओर से शुभकामनाएं देते हुए रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश, समुद्री सहयोग, डिजिटल परिवर्तन और जन-समुदायों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग और गहरा करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।
हो ची मिह्न को दी श्रद्धांजलि
अपने दौरे की शुरुआत में राजनाथ सिंह ने वियतनाम के संस्थापक नेता हो ची मिह्न की 136वीं जयंती पर उनके मकबरे पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हो ची मिह्न की दूरदृष्टि, नेतृत्व और राष्ट्रीय स्वतंत्रता के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा तथा उन्होंने भारत-वियतनाम मित्रता की मजबूत नींव रखी।

