1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. न्यू चंडीगढ़ टेस्ट : विशाल स्कोर से भारत ने कसा शिकंजा, मानव सुथार का स्वप्निल पदार्पण, अफगानिस्तान ने गंवाए 5 विकेट
न्यू चंडीगढ़ टेस्ट : विशाल स्कोर से भारत ने कसा शिकंजा, मानव सुथार का स्वप्निल पदार्पण, अफगानिस्तान ने गंवाए 5 विकेट

न्यू चंडीगढ़ टेस्ट : विशाल स्कोर से भारत ने कसा शिकंजा, मानव सुथार का स्वप्निल पदार्पण, अफगानिस्तान ने गंवाए 5 विकेट

0
Social Share

न्यू चंडीगढ़, 7 जून। दो शतकवीरों – कप्तान शुभमन गिल व उप कप्तान केएल राहुल की अगुआई में बल्लेबाजी पराक्रम के बाद महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में प्रथम प्रवेशी वामहस्त स्पिनर मानव सुथार (3-21) का स्वप्निल पदार्पण हुआ तो उन्हें पेसर प्रसिद्ध कृष्णा (2-27) का भी साथ मिला। परिणाम यह हुआ कि विशाव स्कोर खड़ा करने के बाद टीम इंडिया ने एकमात्र टेस्ट मैच के दूसरे ही दिन अफगानिस्तान पर अपना शिकंजा कस दिया।

मेजबानों ने 8-564 पर घोषित की पारी

दरअसल, राहुल तो पहले दिन बी साई सुदर्शन (81 रन) संग शतकीय भागीदारी के अलावा शतक (100 रन) पूरा करते ही लौट गए थे। लेकिन पिछली ही शाम शतक पूरा कर चुके शुभमन ने न सिर्फ अपनी पारी को 126 रनों (177 गेंद, 236 मिनट, एक छक्का, 15 चौके) तक पहुंचाया वरन विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (81 रन, 121 गेंद, 195 मिनट, तीन छक्के, छह चौके) के साथ बड़ी शतकीय भागीदारी कर दी।

साई व पंत के बाद सुंदर ने भी जड़ा पचासा

उसके बाद हरनफनमौला वॉशिंगटन सुंदर (नाबाद 52 रन, 68 गेंद, 112 मिनट, एक छक्का, पांच चौके) के बल्ले से पारी का तीसरा पचासा सामने आ गया। इन प्रहारों के सहारे मेजबानों ने दूसरे सत्र में अपनी पारी आठ विकेट पर 564 रनों तक पहुंचाकर घोषित की।

अफगानी पेसर मोहम्मद सलीम ने 6 विकेट लेकर रचा इतिहास

इसमें कोई शक नहीं कि अफगानी गेंदबाजों को साढ़े चार सत्रों तक काफी पसीना बहाना पड़ा और उन्होंने पौने छह सौ के आसपास रन खर्च किए। हालांकि मेहमानों के लिए राहत की बात यह रही कि करिअर का सिर्फ दूसरा टेस्ट खेल रहे एक युवा तेज गेंदबाज ने अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा।

23 वर्षीय मोहम्मद सलीम सफी ने 140 रन देकर छह विकेट झटके और इतिहास रच दिया। वह टेस्ट क्रिकेट में भारत के खिलाफ पांच विकेट लेने वाले अफगानिस्तान के पहले गेंदबाज बन गए। सलीम अपने पहले टेस्ट मैच में एक भी विकेट नहीं ले पाए थे, लेकिन उन्होंने अपने दूसरे टेस्ट मैच में यादगार प्रदर्शन कर दिया।

मानव ने अपने पहले ही ओवर में पाई सफलता

अफगानिस्तान की पारी शुरू हुई तो पांच ओवर बाद आक्रमण में लगते ही राजस्थान के गेंदबाजी हरफनमौला मानव सुथार ने चौथी गेंद पर अब्दुल मलिक (16 रन, 18 गेंद, तीन चौके) को आउट कर इतिहास के पन्नों में अपना नाम उन गेंदबाजों के बीच दर्ज करा लिया, जिन्होंने टेस्ट करिअर के पहले ही ओवर में सफलता पाई।

मेहमान दल फॉलोआन के खतरे में फंसा

सुथार व प्रसिद्ध कृष्णा ने इसके बाद और दो-दो विकेट लिए। अंततः स्टम्प्स उखाड़े गए तो अफगानी टीम 39.5 ओवरों में 113 पर पांच विकेट गंवाकर फॉलोआन के खतरे में फंस चुकी थी। मेहमानों को फॉलोऑन से बचने के लिए अब भी 251 रनों की दरकार है और सिर्फ पांच विकेट शेष हैं।

गिल व पंत के बीच चौथे विकेट के लिए 169 रनों की साझेदारी

दूसरे दिन के खेल पर गौर करें तो भारत ने अपनी पारी 3-368 से आगे बढ़ाई और पहले सत्र में 25 ओवरों में तीन बल्लेबाजों को खोकर 107 रन जोड़े। गिल व पंत की भागीदारी 169 रनों तक पहुंची थी, तभी मो. सलीम की गेंद पर गिल विकेट के पीछे कैच दे बैठे। इसके बाद ध्रुव जुरेल (19 रन, 20 गेंद, चार चौके) भी ज्यादा दूर नहीं जा सके और सलीम के चौथे शिकार बन गए। वहीं शतक की ओर बढ़ रहे पंत भी अगले ओवर में लौट गए, जिन्हें हशमतुल्ला शाहिदी (1-91) ने लौटाया।

वॉशिंगटन सुंदर व सुथार ने अर्धशतकीय भागीदारी की

लंच (6-475) के बाद वॉशिंगटन सुंदर व मानव सुथार (28 रन, 41 गेंद, दो छक्के, दो चौके) के बीच सातवें विकेट पर 54 रनों की साझेदारी देखने को मिली तो सुथार के बाद मोहम्मद सिराज (22 रन, 12 गेंद, एक छक्का, चार चौके) ने भी तेज हाथ दिखाए। सलीम ने ही सुथार व सिराज को लौटाकर अपने विकेटों की संख्या छह तक पहुंचाई। उधर टीम का स्कोर 550 पार होने के बाद सुंदर ने अपना अर्धशतक पूरा किया, तभी गिल ने पारी घोषित कर दी। कुलदीप यादव (नाबाद नौ रन, एक चौका) सुंदर संग नाबाद लौटे।

सुथार व प्रसिद्ध कृष्णा ने दूसरे दिन आपस में बांटे 5 विकेट

इसके बाद शुरू हुई अफगानिस्तान की पारी में सुथार व प्रसिद्ध सहित अन्य मेजबान गेंदबाजों के सामने एक भी बल्लेबाज दृढ़ता नहीं दिखा सका और न ही कोई अर्धशतकीय भागीदारी विकसित हुई। चाय के विश्राम (1-28) से ठीक पहले अब्दुल मलिक को आउट करने वाले सुथार ने रहमानुल्ला गुरबाज (12 रन, 40 गेंद, एक छक्का, एक चौका) और अफसर जजाई (तीन रन) को भी पैवेलियन भेजा।

स्कोर कार्ड

वहीं प्रसिद्ध कृष्णा ने सेदिकुल्ला अटल (17 रन, 27 गेंद, तीन चौके) को बोल्ड मारने के बाद कप्तान हशमतुल्ला शाहिदी (20 रन, 48 गेंद, चार चौके) को पगबाधा आउट किया। सुथार ने 40वें ओवर में जजई को अपनी ही गेंद पर लपका, तभी खेल समाप्ति की घोषणा कर दी गई। उस समय मेहमान दल के सर्वोच्च स्कोरर रहमत शाह (नाबाद 43 रन, 81 गेंद, एक छक्का, छह चौके) क्रीज पर थे।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code