Site icon hindi.revoi.in

भारत ने आसियान देशों के रक्षा मंत्रियों की बैठक में उठाया काउंटर टेररिज्म का मुद्दा

Social Share

कुआलालंपुर, 31 अक्टूबर। भारत ने मलेशियाई राजधानी कुआलालंपुर में आसियान देशों के रक्षा मंत्रियों की एक बैठक में काउंटर टेररिज्म का मुद्दा उठाया। इस क्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत आपदा राहत, आतंक-विरोधी गतिविधियों, और समुद्री सुरक्षा में योगदान देता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत दक्षिण चीन सागर में मुक्त नेविगेशन व अंतरराष्ट्रीय कानून के पालन का समर्थन करता है।

राजनाथ बोले – दक्षिण चीन सागर में अंतरराष्ट्रीय कानून के पालन का समर्थन करता है भारत

मलेशिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को आसियान-भारत रक्षा मंत्रियों की अनौपचारिक बैठक में भारत की ओर से यह स्पष्ट किया गया कि वह आपदा राहत, काउंटर टेररिज्म, और समुद्री सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। साथ ही कहा गया कि दक्षिण चीन सागर में मुक्त नेविगेशन तथा अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन महत्वपूर्ण है। इस तरह से भारत ने क्षेत्रीय सुरक्षा, समुद्री अधिस्वीकृति, एवं बहुपक्षीय रक्षा संवाद की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता जताई है।

मलेशियाई रक्षा मंत्री मोहम्मद खालिद नोरदिन के साथ द्विपक्षीय बैठक

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को मलेशिया पहुंचे थे। वह दो दिनों तक विभिन्न देशों के रक्षा मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। रक्षा मंत्रियों के एक सम्मेलन का हिस्सा बनने के साथ राजनाथ सिंह कई देशों के रक्षा मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी कर रहे हैं। इसी क्रम में वह आसियान-प्लस सदस्य देशों के अपने समकक्ष से भी मुलाकात कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने आज मलेशिया के रक्षा मंत्री मोहम्मद खालिद नोरदिन के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की।

इसके पूर्व राजनाथ सिंह ने अमेरिकी रक्षा मंत्री पीटर हेगसेथ से भी मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान 10 वर्षीय ‘फ्रेमवर्क फॉर द यूएस-इंडिया मेजर डिफेंस पार्टनरशिप’ पर हस्ताक्षर किए गए। दोनों देशों के बीच हुए इस करार को भारत-अमेरिका रक्षा सहयोग में एक नया मील का पत्थर माना जा रहा है।

Exit mobile version