Site icon hindi.revoi.in

भारत हमेशा से हमारा भरोसेमंद दोस्त रहा है… रात्रिभोज में PM मोदी के सम्मान में बोले सेशेल्स के राष्ट्रपति

Social Share

विक्टोरिया, 28 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीन दिवसीय सेशेल्स यात्रा के दौरान भारत और सेशेल्स के रिश्तों को नई मजबूती मिली। प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में आयोजित राजकीय रात्रिभोज में सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने भारत को अपना “हमेशा का भरोसेमंद दोस्त” बताते हुए दोनों देशों की ऐतिहासिक साझेदारी की सराहना की।

राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, राष्ट्रपति हर्मिनी ने कहा कि भारत और सेशेल्स के बीच दशकों पुराने रिश्ते केवल सरकारों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के लोगों और सेशेल्स में रहने वाले भारतीय समुदाय के बीच भी गहरे जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने हर मुश्किल समय में सेशेल्स का साथ दिया है और यही भरोसा दोनों देशों की मित्रता की सबसे बड़ी ताकत है।

रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति

भारत के विदेश मंत्रालय (एमईए) के मुताबिक, रात्रिभोज के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति हर्मिनी ने द्विपक्षीय सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, सेशेल्स की नेशनल असेंबली के स्पीकर अजारेल अर्नेस्टा, विदेश मंत्री बैरी फॉरे समेत दोनों देशों के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

2026 बना ऐतिहासिक वर्ष

राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि वर्ष 2026 दोनों देशों के लिए विशेष महत्व रखता है। इसी वर्ष भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे हुए हैं। साथ ही, सेशेल्स अपने गणतंत्र बनने की 50वीं वर्षगांठ भी मना रहा है। राष्ट्रपति हर्मिनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना दोनों देशों के मजबूत और भरोसेमंद संबंधों का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत और सेशेल्स आने वाले 50 वर्षों में भी साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

भारत ने सौंपा ‘लेस्प्वार’ फास्ट पेट्रोल वेसल

प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी यात्रा के दौरान सेशेल्स को कई महत्वपूर्ण विकास और रक्षा संबंधी उपहार भी दिए। उन्होंने ‘लेस्प्वार’ (L’Espoir) नाम का फास्ट पेट्रोल वेसल सेशेल्स सरकार को सौंपा। क्रियोल भाषा में ‘लेस्प्वार’ का अर्थ ‘उम्मीद’ होता है। इसके अलावा भारत ने सेशेल्स को 10 उपयोगी वाहन, पांच लेजर रेडियल नौकाएं और छह एंबुलेंस भी भेंट कीं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इन संसाधनों से सेशेल्स की समुद्री सुरक्षा, तटीय निगरानी और आपदा राहत क्षमता को और मजबूती मिलेगी।

भव्य स्वागत के साथ शुरू हुई यात्रा

शनिवार को विक्टोरिया पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने औपचारिक स्वागत किया। एयरपोर्ट पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और भारतीय समुदाय के लोगों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेशेल्स की दूसरी राजकीय यात्रा है, जिसे दोनों देशों के रिश्तों के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।

Exit mobile version