Site icon Revoi.in

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल : रवि, विनेश व नवीन ने भी बिखेरी स्वर्णिम आभा, कुश्ती के सभी 12 भार वर्गों में भारत को पदक

Social Share

बर्मिंघम, 6 अगस्त। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों की कुश्ती में लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी भारतीय पहलवानों का जलवा दिखा, जिन्होंने रवि कुमार दहिया, विनेश फोगाट और नवीन की स्वर्णिम सफलताओं के बीच और छह पदक जीत लिए। रवि, विनेश व नवीन के अलावा पूजा गहलोत, दीपक नेहरा और पूजा सिहाग ने कांस्य पदक जीते। भारत ने इसके साथ ही कुश्ती के सभी 12 भार वर्गों में पदक जीते, जिनमें छह स्वर्ण, एक रजत व पांच कांस्य शामिल हैं। शुक्रवार को बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और दीपक पूनिया ने स्वर्ण पदक जीते थे।

भारत के खाते में 12 स्वर्ण सहित 38 पदक

कुश्ती में आज मिले छह पदकों के साथ ही भारतीय दल ने शनिवार की शाम तक कुल 12 पदक जीत लिए थे। इनमें एथलेटिक्स के दो रजत, पुरुष लॉन बॉल्स में रजत, पैरा टेबल टेनिस में एक व मुक्केबाजी में दो कांस्य पदक शामिल रहे। इस प्रकार भारत के खाते में अब तक 12 स्वर्ण, 11 रजत व 15 कांस्य सहित कुल 38 पदक आ चुके हैं।

रवि दहिया ने सिर्फ तीन मिनट में मैदान मारा

पुरुषों के 57 किलो भारवर्ग में रवि कुमार दहिया ने भारत के लिए दिन का पहला स्वर्ण पदक हासिल किया। टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता रवि दहिया ने फाइनल मुकाबले में नाइजीरिया के ई. विल्सन को तकनीक श्रेष्ठता के आधार पर 10-0 से मात दी। रवि को यह मुकाबला जीतने में तीन मिनट से भी कम का समय लगा।

विनेश ने स्वर्ण पदकों की हैट्रिक जमाई

विनेश फोगाट ने नॉर्डिक सिस्टम के तहत आयोजित 53 किलो भारवर्ग इवेंट के अपने आखिरी मैच में श्रीलंका की केशनी मदुरवलगे को बाय फॉल के जरिए 5-0 से मात दी। विनेश ने अपने ग्रुप में तीनों मैच जीतकर गोल्ड पर कब्जा जमाया। केशनी से पहले विनेश ने सामंथा स्टीवर्ट (कनाडा) और मर्सी अदेकुओरोये (नाइजीरिया) को भी मात दी थी। विनेश इसके साथ ही राष्ट्रमंडल खेलों की कुश्ती स्पर्धा में लगातार तीसरी स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली महिला पहलवान बन गई हैं।

नवीन ने पाकिस्तानी मल्ल को पटखनी दी

दिन का तीसरा गोल्ड नवीन के खाते में गया, जिन्होंने पाकिस्तान के मुहम्मद शरीफ ताहिर को 74 किलो भारवर्ग के फाइनल में बाय फॉल के जरिए 9-0 से मात दिया। यह कुश्ती में भारत का छठा गोल्ड मेडल था।

इसके अलावा पूजा गहलोत, दीपक नेहरा और पूजा सिहाग  कुश्ती में कांस्य पदक हासिल किया पूजा ने कांस्य पदक के मुकाबले में स्कॉटलैंड की क्रिस्टेल लेमोफैक को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 12-2 से मात दी। वहीं पूजा सिहाग ने 76 किलो भारवर्ग में ऑस्ट्रेलिया की नाओमी डी ब्रूइन को मात दी। दीपक नेहरा 97 किलो भारवर्ग में पाकिस्तान के तैय्यब रजा को मात दी।

लॉन बॉल्स में पुरुष टीम ने जीता रजत

टीम इंडिया ने लॉन बॉल्स के मेन्स टीम इवेंट में रजत पदक जीता। फाइनल में सुनील, नवनीत, चंदन और दिनेश की अगुआई वाली टीम को नॉर्दर्न आयरलैंड ने मात दी।

मुक्केबाजी में जैस्मीन व हुसामुद्दीन को कांस्य पदक

महिला मुक्केबाज जैस्मीन लैंबोरिया को सेमीफाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा, जिसके चलते अब ब्रॉन्ज से ही संतोष करना पड़ा। जैस्मीन को इंग्लैंड की जेम्मा पेग रिचर्डसन ने 60 किलोग्राम भारवर्ग में 3-2 से मात दी। वहीं मोहम्मद हुसामुद्दीन को 57 किलो वर्ग के सेमीफाइनल में घाना के जोसेफ कोमी के हाथों हारकर कांस्य से संतोष करना पड़ा।

पैरा टेबल टेनिस में सोनल पटेल ने जीता कांस्य

इस बीच टोक्यो पैरालंपियन और एशियाई पैरा गेम्स पदक विजेता सोनू पटेल पैरा टेबल टेनिस में महिला एकल के सीएल-3-5 वर्ग में कांस्य पदक जीता। उन्होंने इंग्लैंड की सू बेली को 3-0 से हराकर राष्ट्रमंडल खेलों में अपना पहला पदक जीता।

पुरुष हॉकी में दक्षिण अफ्रीका को हरा भारत तीसरी बार फाइनल में

उधर हॉकी के मैदान में दो बार के रजत पदक विजेता भारतीय पुरुषों ने दक्षिण अफ्रीका को 3-2 से हराकर तीसरी बार फाइनल में प्रवेश किया। भारत की अब सोमवार को छह बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से फाइनल में टक्कर होगी, जिसने दूसरे सेमीफाइनल में आधे समय तक 1-2 से पिछड़ने के बाद इंग्लैंड को 3-2 से हराया।

पांचवीं बार सेमीफाइनल खेल रहे भारत ने आधे समय तक 2-0 की बढ़त ले रखी थी। ये गोल अभिषेक (20वां मिनट) व मंदीप (28वां मिनट) ने किए थे। टीम का तीसरा गोल जुगराज ने 58वें मिनट में ड्रैग फ्लिक से किया। दक्षिण अफ्रीका के दोनों गोल रेयान जूलियस (33वां मिनट) और मुस्तफा (59वां मिनट) ने किए।