Site icon Revoi.in

पांच राज्यों की 7 सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को 5 पर मिली हार

Social Share

नई दिल्ली, 8 दिसम्बर। पांच राज्यों में विधानसभा की छह सीटों और उत्तर प्रदेश की मैनपुरी संसदीय सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा को झटका लगा है। मैनपुरी संसदीय सीट के अलावा छह में सिर्फ दो विधानसभा सीटें भाजपा प्रत्याशी जीत सके।

विधानसभा सीटों में उत्तर प्रदेश की रामपुर सदर और खतौली, ओडिशा की पदमपुर, राजस्थान की सरदारशहर, बिहार की कुढ़नी और छत्तीसगढ़ की भानुप्रतापपुर सीट पर उपचुनाव हुआ था। इनमें भाजपा को सिर्फ रामपुर और कुढ़नी में जीत मिली। कांग्रेस ने छ्त्तीसगढ़ और राजस्थान उपचुनाव पर कब्जा कर लिया। बीजू जनता दल को पदमपुर और रालोद को खतौली में जीत मिली

सपा मैनपुरी संसदीय सीट पर मुलायम सिंह की विरासत बचाने में सफल

समाजवादी पार्टी मैनपुरी संसदीय सीट पर अपने संरक्षक मुलायम सिंह यादव की विरासत बचाने में सफल रही। दिवंगत नेता की बहू व सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को रिकॉर्ड 2.88 लाख वोटों से हराया।

सरदारशहर में सत्तारूढ़ कांग्रेस की जीत

राजस्थान की सरदारशहर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में सत्तारूढ़ कांग्रेस की जीत हुई है। कांग्रेस उम्मीदवार अनिल कुमार 26852 वोटों से जीत गए हैं। विधायक भंवर लाल शर्मा के निधन से यह सीट रिक्त हुई थी। शर्मा का नौ अक्टूबर को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। वह सात बार विधायक रहे। कांग्रेस ने यहां से दिवंगत विधायक के बेटे अनिल कुमार को उतारा तो भाजपा की तरफ से पूर्व विधायक अशोक कुमार पींचा मैदान में थे।

भानुप्रतापपुर में कांग्रेस की सावित्री मंडावी जीतीं

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले की भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ कांग्रेस की प्रत्याशी सावित्री मंडावी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ब्रह्मानंद नेताम को हराया।

कुढ़नी में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले महागठबंधन को झटका

बिहार की कुढ़नी विधानसभा सीट पर नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले महागठबंधन को झटका लगा है, जहां भाजपा ने उससे सीट छीन ली। भाजपा उम्मीदवार केदार प्रसाद गुप्ता ने नीतीश कुमार के जनता दल यूनाइटेड के उम्मीदवार मनोज सिंह कुशवाहा को 3,645 मतो से पराजित कर दिया।

रामपुर सदर में भाजपा ने आजम खान का किला कब्जाया

रामपुर सदर सीट पर भाजपा ने सपा के कद्दावर नेता मो. आजम खान के 45 वर्ष पुराने किले पर कब्जा कर लिया। यहां भाजपा उम्मीदवार आकाश सक्सेना ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी के मो. आसिम रजा को 33,000 से अधिक मतों से हराया।

खतौली सीट रालोद ने भाजपा से छीनी

उत्तर प्रदेश में खतौली सीट पर राष्ट्रीय लोक दल ने बाजी मार ली। रालोद उम्मीदवार मदन भैया ने जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार राजकुमारी को 22 हजार वोटों से हराया। रालोद ने यह सीट भाजपा से छीनी है।

पदमपुर में सत्तारूढ़ बीजद की बरसा सिंह विजयी

ओडिशा के बरगढ़ जिले की पदमपुर विधानसभा सीट पर सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) की उम्मीदवार बरसा सिंह बरिहा ने साढ़े 42 हजार से ज्यादा वोटों जीत हासिल की। बरसा सिंह को 1,20,672 मत मिले। भाजपा प्रत्याशी प्रदीप पुरोहित को 78, 034 मत मिले।

सीएम योगी ने यूपी उपचुनाव में जीते प्रत्याशियों को दी बधाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश उपचुनाव में जीते हुए प्रत्याशियों को बधाई दी है। योगी आदित्यनाथ ने एक ट्वीट में कहा, ‘उत्तर प्रदेश में मैनपुरी, रामपुर एवं खतौली उपचुनाव में विजयी सभी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई। भारतीय जनता पार्टी ने रामपुर की सीट पर पहली बार विजय प्राप्त की है, इसके लिए आकाश सक्सेना समेत रामपुर के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई एवं जनता-जनार्दन के प्रति आभार।”