Site icon Revoi.in

केजरीवाल की सेहत को लेकर जंतर-मंतर पर I.N.D.I.A. ब्लॉक का प्रदर्शन, कहा – जल्द गिरेगी तानाशाह सरकार

Social Share

नई दिल्ली, 30 जुलाई। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद जेल में उनकी सेहत के साथ खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. के 11 घटक दलों ने मंगलवार को जंतर मंतर पर जबर्दस्त प्रदर्शन किया। AAP की तरफ से आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी, टीएमके, सीपीएम, सीपीआई, झारखंड मुक्ति मोर्चा, एनसीपी शरद पवार गुट, शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट, सीपीआईएमएल समेत अन्य पार्टी के नेता शामिल हुए।

शरद पवार ने केंद्र सरकार पर बोला हमला

एनसीपी शरद पवार गुट के प्रमुख शरद पवार ने इस दौरान कहा कि दिल्ली के लोगों ने भारी बहुमत से सत्ता की बागडोर जिनके हाथ में दी थी, आज उन केजरीवाल को तानाशाह सरकार ने जेल में डाल दिया है। केंद्र सरकार ने आम आदमी पार्टी, अरविंद केजरीवाल और उनके साथियों पर हमला किया। देश के अन्य राज्य अरविंद केजरीवाल और उनके साथियों के साथ हैं।

AAP को सहयोग देने के लिए सपा सदैव तत्पर : राम गोपाल यादव

सपा के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर राम गोपाल यादव ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ज्यादा दिन तक नहीं चलेगी। मुश्किल की घड़ी में आम आदमी पार्टी के नेता टूटे नहीं, जो काबिले तारीफ है। मैं संसद में संजय सिंह को हमेशा केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज उठाते हुए देखता हूं। आम आदमी पार्टी को जब भी जैसे भी सहयोग की जरूरत पड़ेगी, समाजवादी पार्टी हमेशा मदद के लिए खड़ी रहेगी।

संजय राउत बोले – यह अन्याय जल्द खत्म हो जाएगा

शिवसेना (UBT) से संजय राउत ने कहा, ‘मैं दिल्ली में देखा आई लव केजरीवाल, लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि इंडिया लव केजरीवाल। संजय सिंह छह महीने जेल में रहे, मैं खुद 4 महीने जेल में रहा। यह अन्याय जल्द खत्म हो जाएगा। तानाशाह सबसे डरपोक आदमी होता है। कल हमारी सरकार आएगी तो दिखाएंगे, ईडी व सीबीआई क्या होती है। यही ईडी, सीबीआई उन्हें गिरफ्तार करके ले जाएगी। अरविंद केजरीवाल दिल्ली के सेनापति हैं। वह जेल में हैं और लड़ाई जारी है। उनके जेल से छूटने तक यह लड़ाई जारी रहेगी। हम सब साथ खड़े रहेंगे। केंद्र की भाजपा सरकार अल्पमत में है। बहुत जल्द सरकार गिरने वाली है और I.N.D.I.A. ब्लॉक सरकार बनाएगा।

ये चुनाव चिह्न चुराने वाले लोग हैं : भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, ‘अरविंद केजरीवाल ने राजनीति में देश की दिशा और दशा बदली। आज देश के विभिन्न राज्यों से लोग मुख्यमंत्री के पक्ष में आए हो। यह जानकर जेल में बैठे अरविंद केजरीवाल का सीना चौड़ा हो जाएगा। अब भी संविधान को बचाना है। 240 आने के बाद भी अभी अहंकार है। भाजपा के लोग सांसद, विधायक और चुनाव चिह्न चुराते हैं। इसीलिए मैं कहता हूं कि यह देश चुराने वाले लोग हैं। हम लोग देश बचाने वाले लोग हैं।’

अखिलेश ने कहा – आम आदमी और समाजवादी लोग नहीं डर रहे

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, ‘इससे पहले भी हम लोगों ने अरविंद केजरीवाल के पक्ष में एक बड़ी सभा की थी। उस समय मैंने कहा था कि एक मुख्यमंत्री को, जो जनता के लिए काम कर रहा है, भाजपा ने अपने स्वार्थ के लिए जेल में डाल दिया। लोकतंत्र में जनता के पास सबसे बड़ी ताकत है। भाजपा के लोग कहते थे – अबकी बार 400 पार, लेकिन जनता ने जवाब दिया है। उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में भाजपा के सांसद हारे हैं। उन्हें यह संदेश समझना चाहिए कि जनता उनके खिलाफ है।’

अखिलेश यादव ने कहा, ‘अरविंद केजरीवाल जेल चले गए, लेकिन पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का मनोबल कम नहीं हुआ। आज भी एक-एक कार्यकर्ता उनकी रिहाई के लिए लड़ाई लड़ रहा है। आम आदमी और समाजवादी लोग नहीं डर रहे हैं। जेल में बंद केजरीवाल के स्वास्थ्य की चिंता हम सभी को है। उनके खिलाफ जितने भी मुकदमे हैं, सब खत्म होने चाहिए, उन्हें रिहा किया जाना चाहिए।’