Site icon hindi.revoi.in

बिहार : कटिहार में भीषण सड़क हादसा, बस व पिकअप वैन की भिड़ंत में 13 की मौत, 32 अन्य घायल

Social Share

कटिहार, 11 अप्रैल। बिहार के कटिहार जिले में शनिवार की शाम कोढ़ा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर दादपुर व बसगारा चौक के बीच भीषण सड़क हादसा हुआ, जब बस व पिकअप वैन की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई और 32 अन्य घायल हो गए। इनमें कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे की चपेट में एक स्कॉर्पियो और तीन बाइक भी आईं

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा उस वक्त हुआ, जब पूर्णिया से भागलपुर जा रही एक तेज रफ्तार बस कोढ़ा के बसगाढ़ा के समीप अनियंत्रित होकर सामने से आ रही पिकअप वैन से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस की चपेट में एक स्कॉर्पियो और तीन बाइक भी आई हैं।

मृतकों में पिकअप पर सवार के साथ-साथ एक बाइक चालक भी शामिल हैं। पिकअप पर सवार सभी लोग पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सुहवा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये लोग झारखंड के दुमका के भोगनाडीह से पूजा कर लौट रहे थे। पिकअप पर लगभग 35 लोग सवार थे।

घटना में स्कॉर्पियो सवार और दो अन्य बाइक चालक समेत आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की।

मृतकों को 2-2 लाख की सहायता

हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पोस्टमार्टम हाउस परिसर में मृतकों के स्वजनों की भारी भीड़ जमा हो गई।

डीएम ने बताया कि मृतकों के स्वजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की सहायता दी जाएगी जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र नाथ सिंह, डीएस डॉ. शंभु चौधरी सहित एसडीओ, एसडीपीओ और अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर मौजूद थे।

सीएम नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जताया दुख

इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है और मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश जारी किया है। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये अनुग्रह अनुदान के रूप दिए जाएंगे।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि कटिहार में बस और पिकअप में टक्कर से हुई भीषण सड़क दुर्घटना की सूचना दुःखद और पीड़ादायक है। इस भयावह हादसे में 10 लोगों के असामयिक निधन से मन अत्यंत व्यथित है।

Exit mobile version