हैदराबाद, 11 मई। तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री (Tollywood) से एक बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाली खबर सामने आ रही है। हैदराबाद के आउटर रिंग रोड (ORR) पर रविवार रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में उभरते हुए युवा तेलुगू अभिनेता भरत कांत (Bharat Kanth) और उनके साथ कार में सवार एक अन्य त्रिलोक की दर्दनाक मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा आदिबटला पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एग्जिट नंबर 12 (Exit No. 12) के पास घटित हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
आदिबटला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अभिनेता भरत कांत रविवार रात अपने एक साथी के साथ कार से जा रहे थे। जब उनकी कार आउटर रिंग रोड पर एग्जिट नंबर 12 के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार कार आगे चल रहे एक ट्रक से बेहद हिंसक रूप से टकरा गई। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और कार में सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के तुरंत बाद आदिबटला थाना पुलिस की टीम और रेस्क्यू दल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार के मलबे को काटकर दोनों शवों को बाहर निकाला।
आदिबटला पुलिस ने बताया, “हमने इस सड़क दुर्घटना के संबंध में प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में भेज दिया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसा कार की तेज रफ्तार की वजह से हुआ या फिर ट्रक चालक की किसी लापरवाही के कारण।” युवा अभिनेता की अचानक मौत से तेलुगू सिनेमा जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
टैलेंटेड एक्टर थे भारत कांत
भारत कांत ने कुछ दिनों पहले रिलीज हुई फिल्म ‘टैलेंट’ से दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाई थी। उन्होंने तेलुगू और हिंदी वेब सीरीज में भी काम किया था। अपनी मेहनत और शानदार एक्टिंग के दम पर भारत कांत धीरे-धीरे दर्शकों के बीच लोकप्रिय होते जा रहे थे। वहीं दूसरी ओर त्रिलोक ने कई तेलुगू मूवी में सिनेमैटोग्राफर के तौर पर काम किया था। इंडस्ट्री में त्रिलोक के काम को भी तारीफ मिलती थी। दोनों के मौत की खबर ने सोशल मीडिया पर फैन्स को दुखी कर दिया है। इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों ने इसे बड़ा नुकसान बताया है।

