Site icon hindi.revoi.in

यूपी के अमेठी में भीषण सड़क हादसा : मां-बेटे सहित पांच लोगों की मौत, 6 घायल

Social Share

अमेठी, 9 जून। उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के सुल्तानपुर रायबरेली मार्ग पर रविवार को हुए एक सड़क हादसे में एक बच्चे सहित पांच लोगों को मौत हो गई जबकि छह अन्य घायल हो गए।

क्षेत्राधिकारी गौरीगंज मयंक द्विवेदी ने बताया कि मुंशी गंज थाना क्षेत्र के जामो भादर चौराहे के पास एक बोलेरो और बुलेट के बीच में ट्रैक्टर आ जाने के कारण बुलेट अनियंत्रित होकर खड्ड में गिर गई। बुलेट सवार भाई-बहन और एक बच्चे की मौत हो गई। वहीं बोलरो सवार दो महिलाओं की भी मौत हो गई जबकि बोलेरो सवार छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

घटना की जानकारी होते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायलों को जिला चिकित्सालय गौरीगंज भेजा। बोलेरो सवार घायलों को परिजन सुल्तानपुर जिला चिकित्सालय ले गए, जहां दो महिलाओं की मौत हो गई। पुलिस शवों का पंचनामा करवा कर आगे की विधिक काररवाई कर रही है।

बताया जा रहा है कि जिले के भावापुर निवासी दुर्गेश उपाध्याय रविवार को सुबह अपनी बहन के घर उसे लाने गया था। बुलेट से अपनी बहन वंदना और उसके 7 वर्षीय बेटे देवांश को लेकर अपने घर आ रहा था। रास्ते में यह सड़क हादसा हो गया और तीनों की मृत्यु हो गई। दुर्गेश रामगंज बाजार में मेडिकल स्टोर चलाता था।

वहीं बोलरो सवार सभी लोग सुल्तानपुर जिले के इस्लाम गंज से धरई माफी अपने रिश्तेदारी आए थे। रास्ते में ट्रैक्टर को बचाने के चक्कर में बोलेरो पेड़ से टकरा गई, जिसमें शाहनूर और शबनम की मृत्यु हो गई। वहीं बोलेरो सवार अन्य छः लोगों का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है।

Exit mobile version