Site icon Revoi.in

गृह मंत्री अमित शाह की बहन राजेश्वरीबेन शाह का मुंबई में निधन, सीएम शिंदे ने जताया शोक

Social Share

मुंबई, 15 जनवरी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बड़ी बहन राजेश्वरीबेन शाह का आज मुंबई में निधन हो गया। वह कुछ समय अस्वस्थ्य चल रही थीं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने यह जानकारी शेयर करते हुए दुख जाहिर किया है।

सीएम शिंदे ने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘केंद्रीय गृह मंत्री अमितभाई शाह की बहन श्रीमती राजेश्वरीबेन शाह का आज मुंबई में निधन हो गया। उनका जाना पूरे शाह परिवार के लिए सदमे जैसा है। मैं व्यक्तिगत रूप से इस दुःख में शामिल हूं और मेरी सच्ची प्रार्थना है कि आदरणीय अमितभाई और पूरे शाह परिवार को इस सदमे से उबरने की शक्ति मिले। राजेश्वरीबेन शाह को भावभीनी श्रद्धांजलि!’

प्राप्त जानकारी के अनुसार 65 वर्षीया राजेश्वरीबेन शाह लंबे समय से फेफड़ों की बीमारी से जूझ रही थीं। एक महीने पहले तबीयत ज्यादा खराब होने के कारण उन्हें इलाज के लिए अहमदाबाद से मुंबई लाया गया था।

गृह मंत्री शाह आज गुजरात के दौरे पर थे और उन्हें अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेना था, लेकिन राजेश्वरीबेन की मौत की खबर मिलते ही उनके सारे कार्यक्रम रद कर दिए गए।