Site icon hindi.revoi.in

देशभर में होली की धूम : राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, पीएम मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं

Mathura: People playing colours during Holi celebrations in Mathura on Sunday. PTI Photo (PTI3_12_2017_000124B)

Social Share

नई दिल्ली, 4 मार्च। देशभर में धूमधाम से होली मनाई जा रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ने देशावासियों को होली की शुभकामनाएं दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, “सभी देशवासियों को मेरी ओर से होली की हार्दिक शुभकामनाएं। रंगों का यह त्योहार लोगों के जीवन में प्रेम और आशा का संचार करता है तथा आपसी एकता व भाईचारे को मजबूत करता है। मेरी कामना है कि यह पर्व सबके जीवन में खुशियां लेकर आए और हम सब मिलकर एक विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान दें।”

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “हैप्पी होली! यह खूबसूरत त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत और बसंत के आने का जश्न मनाता है, जो हमारी सभ्यता की नई शुरुआत, उम्मीद और जोश की निशानी है।” उन्होंने आगे लिखा कि हमारी समृद्ध परंपराओं में गहराई से जुड़ी होली भाईचारे, आपसी सम्मान और मिली-जुली खुशी को दिखाती है जो हमारे समाज के ताने-बाने को मजबूत करती है। होली के रंग हर दिल को खुशी और नई एनर्जी से भर दें। यह त्योहार हमें अच्छाई फैलाने और एक ज़्यादा सबको साथ लेकर चलने वाले, शांतिपूर्ण और विकसित भारत के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा दे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ‘सभी देशवासियों को होली की अनंत शुभकामनाएं। रंगों और उत्साह से परिपूर्ण यह त्योहार सबके लिए खुशियों की बहार लाए। प्रत्येक जीवन में सुख-समृद्धि व सफलता के रंग छिड़क जाएं।’ उन्होंने आगे कहा कि होली का यह पावन पर्व वातावरण में नई ताजगी का संचार करता है। चारों ओर बिखरते खुशी के रंग हर किसी को उमंग और आनंद से भर देते हैं। सांस्कृतिक परंपरा को नमन करते हुए पीएम मोदी ने संस्कृत सुभाषित शेयर किया, जिसमें वसंत की मनोहारी वायु से कमल खिलने और प्रेमोत्सव की भव्यता का वर्णन है। मधुर स्वरों से जीवन में नई जागृति का संदेश मिलता है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “प्रिय देशवासियों, रंग, उमंग और आपसी सद्भाव के पर्व होली की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। रंगों का यह त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सामाजिक भाईचारे की जीवंत अभिव्यक्ति है। होली हमें याद दिलाती है कि जीवन में चाहे कितनी भी कठिनाइयां क्यों न आएं, प्रेम, विश्वास और सकारात्मकता के रंग हर अंधकार को दूर कर सकते हैं।”

उन्होंने आगे लिखा कि आइए, इस होली पर हम यह संकल्प लें कि हम समाज में प्रेम, शांति और सद्भाव के रंग भरेंगे, तथा उन लोगों तक भी उत्सव की उमंग पहुंचाएंगे जो जरूरतमंद हैं। होली केवल एक दिन का त्योहार नहीं, बल्कि सकारात्मक सोच और नई शुरुआत का प्रतीक है। आपका जीवन खुशियों के रंगों से सदा सराबोर रहे, और हमारा राष्ट्र प्रेम, प्रगति और एकता के रंगों से निरंतर जगमगाता रहे।

Exit mobile version