Site icon hindi.revoi.in

होली 2026 : लखनऊ और पूरे अवध क्षेत्र में रंगों की बहार, सीएम योगी ने दी हार्दिक शुभकामनाएं

Social Share

लखनऊ, 4 मार्च। राजधानी लखनऊ सहित पूरे अवध और उत्तर प्रदेश में आज होली का त्योहार बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सड़कों, घरों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर लोग रंग-अबीर-गुलाल में सराबोर होकर मस्ती कर रहे हैं। ढोल-नगाड़ों की थाप पर फागुन की फाग गीतों की मधुर धुनें गूंज रही हैं, जबकि नवाबों का शहर लखनऊ और रामनगरी अयोध्या अपने अनोखे अंदाज में इस रंगोत्सव को मना रहे हैं।

रंगभरी एकादशी से शुरू हुई होली की मस्ती आज दोगुनी हो गई है, जहां हर कोई आपसी प्रेम और भाईचारे के रंग में डूबा नजर आ रहा है।इस खुशी के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा कि रंग, उमंग और उल्लास के इस पावन पर्व होली की सभी को हार्दिक बधाई।

उन्होंने कहा कि यह उत्सव आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संदेश देता है। आइए, पारंपरिक गरिमा और सम्मान के साथ इसे हर्षोल्लास से मनाएं। उन्होंने प्रभु श्री राम से प्रार्थना की कि यह रंगोत्सव सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति, नई ऊर्जा और उत्साह लेकर आए।

वहीं, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह रंग, उमंग और सद्भाव का पावन पर्व सभी देशवासियों व प्रदेशवासियों के जीवन में मंगलमय साबित हो। उन्होंने अपनों का प्यार, आपसी भाईचारा और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने की कामना की। यह त्योहार सामुदायिक सद्भाव और मेल-मिलाप का जीवंत प्रतीक है, जो खुशियों के नए रंग लेकर आए।

Exit mobile version