Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-19 : टाइटंस की रोमांचक जीत में होल्डर व वॉशिंगटन सुंदर चमके, अग्रणी PBKS की लगातार दूसरी हार

Social Share

अहमदाबाद, 3 मई। टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) में रविवार को डबल हेडर के दोनों मुकाबले अपेक्षाकृत कम स्कोर वाले साबित हुए। लेकिन इनमें दूसरा मैच तो रोमांचक कश्मकश के बीच अंतिम ओवर तक खिंच गया। इस दौरान पेसर जेसन होल्डर (4-24) की अगुआई में मारक गेंदबाजी के बाद हरफनमौला वॉशिंगटन सुंदर (नाबाद 40 रन, 23 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) नायक बनकर उभरे और गुजरात टाइटंस (GT) ने एक गेंद के शेष रहते अग्रणी पंजाब किंग्स (PBKS) को चार विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत हासिल कर ली।

हाहाकारी शुरुआत के बाद सूर्यांश व स्टोइनिस के सहारे 163 रनों तक पहुंचा GT

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य पंजाब किंग्स को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रबाडा, मो. सिराज (2-28) व कगिसो रबाडा (2-22) के सामने 5-47 की हाहाकारी शुरुआत के बाद युवा बल्लेबाज सूर्यांश शेडगे (57 रन, 29 गेंद, पांच छक्के, तीन चौके) व मार्कस स्टोइनिस (40 रन, 31 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) का सहारा मिला और वह नौ विकेट पर 163 रनों तक पहुंच सका।

सुदर्शन ने अर्धशतक ठोका तो सुंदर ने अंतिम ओवर में जड़ा विजयी छक्का

सामान्य लक्ष्य के सामने गुजरात टाइटंस ने मौजूदा सत्र में एक शतक के अलावा तीसरा अर्धशतक जड़ने वाले ओपनर साई सुदर्शन (57 रन, 41 गेंद, चार छक्के, पांच चौके) व जोस बटलर (26 रन, 22 गेंद, दो छक्के, एक चौका) सहित अन्य बल्लेबाजों के छिटपुट सहयोग से जीत की राह पकड़ी और फिर सुंदर ने अंतिम ओवर में स्टोइनिस की पांचवीं गेंद पर छक्का जड़ते हुए टाइटंस की जीत सुनिश्चित की, जिसने 19.5 ओवरों में छह विकेट पर 167 रन बनाए।

गुजरात ने पंजाब किंग्स से पिछली हार का हिसाब चुकता किया 

दरअसल, शुभमन गिल एंड कम्पनी ने इस लगातार तीसरी जीत के सहारे सत्र के अपने पहले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ उसके घर में मिली पराजय का हिसाब भी चुकता कर लिया। वहीं शुरुआती छह मैचों में अजेय रहने वाली श्रेयस अय्यर की टीम को लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी।

अंक तालिका में शीर्ष पांच टीमों में लड़ाई तेज

अंक तालिका पर नजर दौड़ाएं तो रविवार के दोनों मैचों के बाद टीमों की स्थिति यथावत रही। फिलहाल शीर्ष पांच टीमों के बीच लड़ाई तेज हो चुकी है क्योंकि पंजाब किंग्स (नौ मैचों में 13 अंक) अगली चार टीमों से सिर्फ एक अंक आगे है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), एसआरएच, राजस्थान रॉयल्स (RR) और टाइटंस के बराबर 12-12 अंक हैं। पंजाब के अलावा बेंगलुरु ने भी अन्य तीन टीमों के मुकाबले एक कम यानी नौ मैच खेले हैं।

सुदर्शन व बटलर के बीच 53 रनों की साझेदारी

गुजरात टाइटंस की पारी देखें तो शुभमन गिल (पांच रन, चार गेंद, एक चौका) भले ही दूसरे ही ओवर में अर्शदीप सिंह (2-24) के शिकार हो गए, लेकिन साई व बटलर ने 40 गेंदों पर 53 रनों की साझेदारी कर दी। मीडियम पेसर विजयकुमार विशाक (2-31) ने नौवें ओवर में बटलर की पारी बंद की तो साई को निशांत संधू (15 रन, 11 गेंद, एक छक्का) व फिर सुंदर का साथ मिला।

स्कोर कार्ड

सुदर्शन 15वें ओवर में 124 के योग पर चौथे बल्लेबाज के रूप में पैवेलियन लौटे तो सुंदर ने मोर्चा संभाला। हालांकि दूसरे छोर पर राहुल तेवतिया (दो रन) व जेसन होल्डर (पांच रन) नहीं चल सके। इसी कश्मकश के बीच अंततः अंतिम ओवर में गुजरात को 11 रनों की दरकार थी। अरशद खान (नाबाद आठ रन, पांच गेंद, एक चौका) ने स्टोइनिस की पहली वैध गेंद पर चौका जड़ा तो सुंदर ने पांचवीं गेंद पर विजयी छक्का ठोक दिया।

47 रनों के भीतर पंजाब के शीर्ष 5 बल्लेबाज निकल चुके थे

इसके पूर्व पंजाब किंग्स की हदसा देने वाली शुरुआत हुई, जब मो. सिराज ने पहले ही ओवर में दूसरी व तीसरी गेंद पर क्रमशः प्रियांश आर्य (दो रन) व कूपर कोनोली (शून्य) को निबटा दिया। उधर रबाडा ने प्रभसिमरन सिंह (15 रन, 14 गेंद, दो चौके) से छुटकारा पाया तो होल्डर ने लगातार ओवरों में कप्तान श्रेयस अय्यर (19 रन, 21 गेंद, तीन चौके) व नेहल वढेरा (शून्य) को खामोश कर दिया। इस प्रकार नौवें ओवर की समाप्ति से पहले ही 47 रनों पर पांच शीर्ष बल्लेबाज लौट चुके थे।

सूर्यांश का पहला पचासा, स्टोइनिश संग 44 गेंदों पर जोड़े 79 रन

खैर, आईपीएल में सिर्फ दूसरा मैच खेल रहे 23 वर्षीय मुंबइया बल्लेबाज ने स्टोइनिस संग 44 गेंदों पर 79 रनों की साझेदारी से स्थिति संभाली। इसी क्रम में सूर्यांश ने पारी के 14वें ओवर में मानव सुतार के खिलाफ तीन छक्के व दो चौके जड़ते हुए 27 रन बटोरे और सिर्फ 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। रबाडा ने 16वें ओवर में सूर्यांश को लौटाया तो स्टेइनिस के अलावा मार्को यान्सेन (20 रन, 11 गेंद, एक छक्का, एक चौका) ने तेज हाथ दिखाते हुए टीम को 160 के पार पहुंचाया।

सोमवार का मैच : मुंबई इंडियंस बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स (मुंबई, शाम 7.30 बजे)।

Exit mobile version