Site icon Revoi.in

दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 5 दिनों तक लू चलने की आशंका, कुछ राज्यों में बारिश के भी आसार

Social Share

नई दिल्ली, 8 जून। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित सम्पूर्ण उत्तर-पश्चिम भारत को मानसून के आगमन के लिए अभी और कुछ दिनों का इंतजार करना पड़ सकता है। इन हिस्सों में मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत में नौ जून से अगले पांच दिनों तक लू चलेगी और अधिकतम तापमान 42 डिग्री से 45 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है। हालांकि देश के कई हिस्सों में मानसून ने दस्तक दे दी है।

मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में अति गर्मी पड़ने की संभावना है। इसके साथ हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में भी गर्मी का असर देखने को मिलेगा। वहीं मध्य अरब सागर के शेष हिस्सों, महाराष्ट्र के मुंबई सहित कुछ और हिस्सों और तेलंगाना में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

अगले 3-4 दिनों के भीतर इन क्षेत्रों में दस्तक दे सकता है मानसून

आईएमडी के अनुसार अगले तीन-चार दिनों में इन क्षेत्रों में मानसून दस्तक दे देगा। पिछले 24 घंटे में मध्य प्रदेश, तेलंगाना, केरल, कर्नाटक, गोवा, तमिलनाडु में भारी वर्षा देखी गई जबकि 8-11 जून में महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक के कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने रविवार को मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि होने चेतावनी दी है। इसके साथ महाराष्ट्र, केरल में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।