पटना, 10 जनवरी। लोकसभा व राज्यसभा के सदस्य रह चुके जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए ‘भारत रत्न’ की मांग करना भारी पड़ गया है। केसी त्यागी के बयान से जेडीयू ने किनारा कर लिया है।
राजीव रंजन बोले – पार्टी की गतिविधियों से उनका कोई संबंध नहीं
जेडीयू नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, ‘केसी त्यागी का पार्टी की गतिविधियों से बिल्कुल कोई संबंध नहीं है। उनका बयान व्यक्तिगत रूप से दिया गया है। पार्टी का उससे कोई संबंध नहीं है। वह जेडीयू के साथ हैं या नहीं, पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को ये भी पता नहीं है। इसलिए उनके बयानों को और उनकी विज्ञप्ति को उनकी निजी क्षमता में दिए गए बयान के तौर पर लेना चाहिए।’
त्यागी ने सीएम नीतीश कुमार के लिए ‘भारत रत्न’ की मांग की थी
दरअसल, केसी त्यागी ने बीते दिन सीएम नीतीश कुमार के लिए ‘भारत रत्न’ की मांग करते हुए पीएम मोदी को चिट्ठी लिखी थी। इस पत्र में त्यागी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनके लंबे राजनीतिक करिअर और समाज सेवा के लिए देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से नवाजने की सिफारिश की थी। हालांकि, पार्टी ने केसी त्यागी के बयान से पूरी तरह किनारा करते हुए इसे त्यागी का मनमाना कदम बताया है।
नीतीश के लिए ‘भारत रत्न‘, केसी त्यागी की निजी मांग : नीरज कुमार
वहीं जेडीयू एमएमलसी और प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि केसी त्यागी के ‘भारत रत्न’ वाले बयान को पार्टी खारिज करती है। वह उनका निजी बयान था। पार्टी का यह आधिकारिक बयान नहीं है।
नीरज कुमार ने कहा, ‘केसी त्यागी क्या बोलते हैं, उससे जनता दल का कोई सरोकार नहीं है। नीतीश कुमार को ग्लोबल थिंकर कहा गया है…नीतीश कुमार का विराट व्यक्तित्व है। पुरस्कार उनके पीछे दौड़ते हैं..केसी त्यागी ने बयान दिए तो वही जानें।’
पार्टी से नहीं निकाले गए हैं केसी त्यागी : JDU
हालांकि जेडीयू से केसी त्यागी के निकाले जाने की बात का नीरज कुमार ने खंडन किया। उन्होंने कहा कि केसी त्यागी पार्टी में हैं। वो पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। बस उनकी गतिविधियां कम हो गई हैं।

