Site icon hindi.revoi.in

स्मृति व जॉर्जिया के पचासों से RCB-W ने दूसरी बार जीता WPL खिताब, DC-W लगातार चौथी बार मायूस

Social Share

वडोदरा, 5 फरवरी। कप्तान स्मृति मंधाना (87 रन, 41 गेंद, तीन छक्के, 12 चौके) और जॉर्जिया वोल (79 रन, 54 गेंद, 14 चौके) के ताबड़तोड़ अर्धशतकीय प्रहारों एवं दोनों के बीच शतकीय साझेदारी से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB-W) ने गुरुवार को यहां महिला प्रीमियर लीग (WPL-4) के बड़े स्कोर वाले रोमांचक फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स (DC-W) को दो गेंदों के शेष रहते छह विकेट से हराकर मुंबई इंडियंस (MI-W) के बराबर दूसरी बार खिताब जीत लिया। वहीं दिल्ली की टीम को लगातार चौथी बार फाइनल मायूसी झेलनी पड़ी।

जेमिमा के अर्धशतक से दिल्ली ने खड़ा किया था 203 रनों का मजबूत स्कोर

कोटाम्बी स्टेडियम की दूधिया रोशनी में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य दिल्ली कैपिटल्स ने कप्तान जेमिमा रॉड्रिग्स (57 रन, 37 गेंद, आठ चौके) की अगुआई में अन्य बल्लेबाजों के उपयोगी अंशदानों से चार विकेट पर 203 का मजबूत स्कोर खड़ा किया था।

स्मृति की जॉर्जिया की शतकीय साझेदारी से RCB ने पूरा किया ‘रिकॉर्ड चेज’

लेकिन स्मृति व जॉर्जिया के बीच दूसरे विकेट पर हुई 165 रनों की बहुमूल्य शतकीय साझेदारी से RCB ने फाइनल में अब तक का सबसे बड़ा ‘रिकॉर्ड चेज’ पूरा किया और 19.4 ओवरों में चार विकेट पर 204 रन बनाकर शानदार जीत हासिल की। चिनेल हेनरी (2-34) और नंदिनी (1-41) ने अंतिम ओवरों में दिल्ली कैपिटल्स को वापसी दिलाने की कोशिश की, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा पाईं।

कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरे आरसीबी ने दूसरे ओवर में ही ग्रेस हैरिस (नौ रन) का विकेट गंवा दिया, जिन्हें हेनरी ने बोल्ड मारा। लेकिन इसके बाद स्मृति और जॉर्जिया ने ऐसा मोर्चा संभाला कि विपक्षी गेंदबाज पस्त हो गईं। इसी क्रम में जॉर्जिया ने 37 व स्मृति ने 22 गेंदों पर अपने अर्धशतक पूरे किए। टीम ने 10 ओवरों में 100 रनों का आंकड़ा पार किया तो 150 रन 14 ओवरों में आ गए।

स्मृति व वोल ने 92 गेंदों पर ठोक दिए 165 रन

आरसीबी को अंतिम पांच ओवरों में जीत के लिए 42 रनों की दरकार थी। तभी 17वें ओवर में मीनू मनि ने जॉर्जिया को शेफाली के हाथों कैच कराया और उनकी स्मृति संग सिर्फ 92 गेंदों पर हुई 165 रनों की साझेदारी तोड़ दी। ऋचा घोष (छह रन) ने नंदिनी पर चौका मारा, लेकिन दो गेंद बाद मीनू को कैच दे बैठीं।

अंतिम दो ओवरों में 18 रनों की जरूरत थी। डि क्लर्क ने हेनरी पर चौका मारा, लेकिन इस तेज गेंदबाज ने स्मृति को बोल्ड कर दिया। 19वें ओवर में आठ रन बने। अंतिम ओवर में बल्लेबाजों को जीत के लिए 10 रन बनाने थे और राधा यादव (नाबाद 12 रन, पांच गेंद, दो चौके) ने श्री चरणी पर लगातार दो चौकों के साथ टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

रॉड्रिग्स के अलावा वोल्वार्ट, लिजेल ली व हेनरी ने खेलीं तेजतर्रार पारियां

इसके पूर्व दिल्ली कैपिटल्स के लिए जेमिमा रॉड्रिग्स के अलावा लॉरा वोल्वार्ट (44 रन, 25 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) एवं सलामी बल्लेबाजद्वय लिजेल ली (37 रन, 30 रन, तीन छक्के, तीन चौके) व हेनरी (नाबाद 35 रन, 15 गेंद, दो छक्के, चार चौके) की तेजतर्रार पारियां खेलीं।

स्कोर कार्ड

इसी क्रम में शेफाली वर्मा (20 रन, 13 गेंद, तीन चौके) व लिजेल ली ने पहले विकेट के लिए 35 गेंदों पर 49 रन जोड़े तो तीसरे विकेट के लिए रॉड्रिग्स व वोल्वार्ट के बीच 51 गेंदों पर 76 रन जुड़ गए। फिर हेनरी ने वोलवार्ट संग 24 गेंदों पर 55 रन तोड़ दिए और टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया। लेकिन अंत में स्मृति व जॉर्जिया ने तूफानी प्रहारों से विपक्षी बल्लेबाजों के प्रयासों पर पानी फेर दिया।

Exit mobile version