गुरूग्राम, 10 जुलाई। हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुवार देर रात पुलिस और कुख्यात दीपक नांदल गैंग के बीच हुई मुठभेड़ में चार शूटर मारे गए, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। बदमाशों ने SGT यूनिवर्सिटी के संस्थापक के बेटे विशाल बेरी को उनके घर में बंधक बनाकर करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने की कोशिश की थी। करीब 20 राउंड से अधिक चली फायरिंग में एक एएसआई समेत तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। गुरुग्राम के सुशांत लोक फेस-2 स्थित ए ब्लॉक में गुरुवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार, कुख्यात गैंगस्टर दीपक नांदल के शूटर हथियारों के साथ SGT यूनिवर्सिटी के संस्थापक के बेटे एवं प्रॉपर्टी कारोबारी विशाल बेरी के घर में घुस गए थे। बदमाशों ने पूरे परिवार को गनपॉइंट पर बंधक बनाकर करोड़ों रुपये की रंगदारी की मांग की।
बताया गया कि विदेश में बैठा गैंगस्टर दीपक नांदल पिछले कई दिनों से विशाल बेरी को धमकी भरे संदेश भेज रहा था। घटना के दौरान परिवार किसी तरह पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने में सफल रहा, जिसके बाद क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर बदमाशों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से 20 से अधिक राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ में पांचों बदमाश घायल हुए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांचवें की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस दौरान बहादुरी से कार्रवाई कर रहे एक एएसआई समेत तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी क्राइम और डीसीपी ईस्ट समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। एफएसएल और सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल से हथियार, कारतूस के खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। एसीपी सदर धर्मवीर सिंह के अनुसार, मारे गए बदमाशों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड, बरामद हथियारों और दीपक नांदल गैंग के नेटवर्क की जांच कर रही है। साथ ही विशाल बेरी और उनके परिवार से रंगदारी से जुड़े पुराने धमकी भरे संदेशों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

