वाराणसी, 4 जुलाई। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मंदिर के गेट नंबर-4बी के पास ड्यूटी पर तैनात पीएसी (प्रांतीय सशस्त्र बल) के एक जवान की कार्बाइन से कथित तौर पर अचानक गोली चल गई। गोली जमीन पर लगी, लेकिन उसके छर्रे पास में मौजूद तीन लोगों को लग गए, जिससे वे घायल हो गए।
घटना के बाद मंदिर परिसर के बाहर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस और मंदिर प्रशासन ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर लिया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
तीन लोगों को लगे गोली के छर्रे
घायलों की पहचान निक्की गुप्ता, राम बाबू और विकास यादव के रूप में हुई है। तीनों मंदिर के बाहर फूल-माला की दुकानों के आसपास मौजूद थे। गोली के छर्रे लगने से वे घायल हो गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
डीसीपी ने बताया कैसे हुआ हादसा
वाराणसी के डीसीपी गौरव बंसवाल ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात पीएसी जवान के हाथ से कार्बाइन छूट गई थी, जिसके कारण उससे दो राउंड फायर हो गए। दोनों गोलियां जमीन पर लगीं, लेकिन उनके छर्रे पास में मौजूद तीन लोगों को लग गए।
उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति के हाथ में, दूसरे की कमर और तीसरे के पैर में छर्रे लगे हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई पूरी घटना
घायल विकास यादव ने बताया कि वह फूल-माला की दुकान पर मौजूद थे, तभी अचानक पीएसी जवान की कार्बाइन से गोली चल गई। उनके अनुसार, जवान कार्बाइन को पीछे की ओर पकड़कर खड़ा था। घटना के बाद अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जवान को वहां से हटा दिया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल से गोली के छर्रे भी एकत्र कर लिए।
विकास यादव ने बताया कि उनके हाथ और कमर में छर्रे लगे हैं, जबकि कुल तीन लोग इस घटना में घायल हुए हैं।
वहीं घायल राम बाबू ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे अचानक कार्बाइन से गोली चली, जिसके छर्रे उनके हाथ और पैर में लगे।
तीसरे घायल विक्की ने बताया कि घटना मंदिर के गेट नंबर-4 के पास हुई। गोली चलने के बाद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत मौके को खाली कराया और संबंधित जवान को वहां से हटा दिया।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में इसे कार्बाइन से गलती से चली गोली का मामला माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि घटना की सभी परिस्थितियों की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

