Site icon hindi.revoi.in

पाकिस्तान : कराची में पैरामिलिट्री ऑफिस पर धमाके के बाद गोलीबारी, 4 सैनिकों की मौत, 6 हमलावर भी मारे गए

Social Share

कराची, 27 जून। पाकिस्तान के बंदरगाह शहर कराची में शनिवार को देर शाम गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में यूनिवर्सिटी रोड पर मेटियोरोलॉजिकल चौरांगी के पास रेंजर्स हेडक्वार्टर पर जबर्दस्त धमाके के बाद अंधाधुंध गोलीबारी से दहशत फैल गई।

सुरक्षा बलों ने 6 हमलावरों को मार गिराया, एक पकड़ा गया

सिंध के इंस्पेक्टर जनरल जावेद आलम ओधो ने बताया कि भारी हथियारों से लैस हमलावरों के एक ग्रुप ने सुरक्षा कंपाउंड पर हमला किया, जिसमें कम से कम चार पैरामिलिट्री सैनिक मारे गए। लगभग 90 मिनट तक चली गोलीबारी तब खत्म हुई, जब स्पेशल सिक्योरिटी यूनिट (SSU) कमांडो और एंटी-टेररिस्ट फोर्स (ATF) ने रेंजर्स के जवानों के साथ मिलकर छह आतंकवादियों को मार गिराया और एक घायल हमलावर को पकड़ लिया।

पैरामिलिट्री रेंजर्स फोर्स के कंपाउंड पर हथियारबंद लोगों के ग्रुप ने किया हमला

अल जजीरा के सूत्रों ने बताया कि कराची के पूर्वी जिले में पैरामिलिट्री रेंजर्स फोर्स के कंपाउंड पर हथियारबंद लोगों के ग्रुप ने हमला किया। इससे ठीक पहले, एक संदिग्ध बॉम्बर ने विस्फोटक से लदी गाड़ी को बिल्डिंग के गेट से टकराया, जिससे जबर्दस्त धमाका हुआ।

विस्फोटक लदी गाड़ी से फैसिलिटी के मेन गेट में मारी टक्कर

जावेद आलम ओधो ने स्थानीय मीडिया को बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार हमलावरों ने गाड़ी को फैसिलिटी के मेन गेट से टकराया था। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने अब तक इस बात की पुष्टि नहीं की है कि कोई धमाका हुआ है या नहीं।

वहीं सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने एक बयान में कहा कि उन्होंने धमाके की आवाज और कथित गोलीबारी की खबरों का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है।

फिलहाल गोलीबारी शुरू होते ही सुरक्षा बलों ने मोसामियात चौरंगी इलाके के आस-पास की सड़कों को सील कर दिया। मौके पर स्पेशल सिक्योरिटी यूनिट के कमांडो, एंटी-टेररिस्ट फोर्स और रेंजर्स के जवानों को तैनात करके क्लीयरेंस ऑपरेशन चलाया जा रहा था। पूरे पाकिस्तान में इमरजेंसी मदद देने वाली संस्था ‘एधी फाउंडेशन’ ने बताया कि कम से कम दो लोग घायल हुए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

TTP के हथियारबंद ग्रुप जमात-उल-अहरार ने ली हमले की जिम्मेदारी

इस बीच देर रात जमात-उल-अहरार ने, जो तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) यानी पाकिस्तानी तालिबान का ही एक अलग हुआ हथियारबंद ग्रुप है, इस हमले की जिम्मेदारी ली। ग्रुप के दावे के अनुसार कंपाउंड पर हुए हमले में नौ हमलावर शामिल थे।

पाकिस्तानी तालिबान, अफगानिस्तान के उस तालिबान से अलग गुट है, जिसने 2021 में वहां सत्ता पर कब्जा किया था। यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब पाकिस्तान देश के कई हिस्सों में सुरक्षा बलों को निशाना बनाने वाली सशस्त्र हिंसा का सामना कर रहा है।

Exit mobile version