Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-19 : CSK की उम्मीदें ध्वस्त कर गुजरात टाइटंस ने प्लेऑफ के शीर्ष दो में जगह पक्की की

Social Share

अहमदाबाद, 21 मई। गुजरात टाइटंस (GT) ने गुरुवार की रात यहां बल्ले व गेंद से समग्र प्रदर्शन के सहारे घरेलू दर्शकों को रोमांचित करते हुए 89 रनों की धमाकेदार जीत से न सिर्फ पांच बार के पूर्व चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की बची-खुची उम्मीदें ध्वस्त कीं वरन खुद टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) 2026 के प्लेऑफ की शीर्ष दो टीमों में अपनी जगह पक्की कर ली।

साई, गिल व बटलर के तूफानी पचासों से 229 रनों तक पहुंचे मेजबान

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की तेज और उछालयुक्त लाल मिट्टी की पिच पर पहले बल्लेबाजी के लिए बाध्य GT ने ओपनरद्वय साई सुदर्शन (84 रन, 53 गेंद, चार छक्के, सात चौके) व कप्तान शुभमन गिल (64 रन, 37 गेंद, तीन छक्के, सात चौके) एवं जोस बटलर (नाबाद 57 रन, 27 गेंद, चार छक्के, पांच चौके) के तूफानी अर्धशतकीय प्रहारों से चार विकेट पर ही 229 रनों का भारी-भरकम स्कोर खड़ा किया।

सिराज, रबाडा व राशिद के सामने 140 पर बिखरे सुपर किंग्स

कठिन लक्ष्य के सामने CSK के शुरुआती पांच बल्लेबाज सात  ओवरों में 63 रनों के अंदर ही मो. सिराज (3-26) व कगिसो रबाडा (3-32) के सामने पैवेलियन लौट गए। हालांकि, इसके बाद सर्वोच्च स्कोरर शिवम दुबे ने (47 रन, 17 गेंद, चार छक्के, चार चौके) क्षणिक उम्मीदें जगाईं। लेकिन 11वें ओवर में राशिद खान (3-18) की गेंद पर उनके लौटते ही फिर लाइन लग गई और मेहमान दल 13.4 ओवरों में 140 रनों पर ही बिखर गया।

टाइटंस ने नौवीं जीत के साथ लीग चरण में अपने अभियान का समापन किया

अंक तालिका में दूसरे स्थान पर काबिज टाइटंस ने 14 मैचों में नौवीं जीत से 18 अंकों के साथ लीग चरण में अपने अभियान का समापन किया। संप्रति पहले स्थान पर मौजूद गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB, 18 अंक) व तीसरे स्थान की टीम सनराइजर्स हैदराबाद (SRH, 16 अंक) के बीच शुक्रवार को खेले जाने वाले मुकाबले से न सिर्फ पहले स्थान का फैसला होगा वरन पहले क्वालीफायर की पोजीशन भी स्पष्ट हो जाएगी।

पूरे सत्र में धोनी के बगैर उतरी चेन्नई टीम को आठ पराजय झेलनी पड़ी

वहीं पूरे सत्र में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बगैर उतरे CSK की 14 मैचों में यह लगातार तीसरी व कुल आठवीं पराजय थी और उसने 12 अकों के साथ अपना अभियान खत्म किया। गुजरात से लगातार दूसरी हार का सामना करने वाली ऋतुराज गायकवाड़ की टीम अभी सातवें स्थान पर है, लेकिन यदि दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने अपने अंतिम मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को हरा दिया तो फिर चेन्नई आठवें स्थान पर पिछड़ जाएगा।

प्लेऑफ के चौथे स्थान की रेस में लड़ाई अब 4 टीमों के बीच

फिलहाल प्लेऑफ के चौथे स्थान की रेस में लड़ाई अब चार टीमों – राजस्थान रॉयल्स (RR, 14 अंक), पंजाब किंग्स (PBKS, 13 अंक), केकेआर (13 अंक) व डीसी (12 अंक) के बीच सिमट गई है। इनमें राजस्थान की मुंबई इंडियंस (MI), पंजाब की लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) और केकेआर की डीसी से टक्कर होनी है। यह देखना दिलचस्प रहेगा कि प्लेऑफ का चौथा स्थान इनमें किसके नाम रहेगा।

8 ओवरों के भीतर चेन्नई के शीर्ष 5 बल्लेबाज लौट चुके थे

मजबूत लक्ष्य के सामने चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी देखें तो ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ मो. सिराज ने पहले ही गेंद पर संजू सैमसन (शून्य) को लौटाकर शुरुआत बिगाड़ दी। दूसरे सर्वोच्च स्कोरर मैथ्यू शॉर्ट (24 रन, 14 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) व ऋतुराज (16 रन, सात गेंद, दो छक्के, एक चौका) ने तेजी दिखाने की कोशिश की। लेकिन सिराज ने अपने अगले ओवर में गायकवाड़ व उर्विल पटेल (शून्य) को शिकार कर लिया तो रबाडा ने शॉर्ट की विदाई की और कार्तिक शर्मा (19 रन, 15 गेंद, तीन चौके) रन आउट हो गए।

शिवम व ब्रेविस के बीच 53 रनों की सबसे बड़ी भागीदारी

इसके बाद शिवम ने डेवाल्ड ब्रेविस (आठ रन) की मौजूदगी में प्रत्याक्रमण की कोशिश और सिर्फ 21 गेंदों पर 53 रनों की त्वरित भागीदारी से कुछ हलचल पैदा की। लेकिन लेगब्रेक गुगली विशेषज्ञ राशिद ने शिवम को गिल से कैच कराने के साथ भागीदारी तोड़ी तो अंशुल कम्बोज (19 रन, आठ गेंद, दो छक्के, एक चौका) के क्षणिक प्रतिरोध के बीच 19 गेंदों पर 24 रनों के अंदर अंतिम पांच बल्लेबाज लौट गए। इस दौरान राशिद ने 12वें व रबाडा ने 13वें ओवर में दो-दो विकेट लेकर पारी खत्म कर दी।

सुदर्शन व गिल ने पहले विकेट के लिए 74 गेंदों पर जोड़े 125 रन

इसके पूर्व साई के साथ पारी की शुरुआत करने वाले गिल ने तत्काल रफ्तार पकड़ ली और सिर्फ 23 गेंदों पर लगातार दूसरा व मौजूदा सत्र का छठा पचासा जड़ दिया। सुदर्शन तनिक देर से खुले तो उन्होंने भी लगातार पांचवां व सत्र का सातवां अर्धशतक पूरा कर लिया। पॉवरप्ले की समाप्ति पर हालांकि 62 रन ही थे, लेकिन दोनों के बीच पहले विकेट के लिए सिर्फ 74 गेंदों पर 125 रनों की शतकीय भागीदारी आ गई।

बटलर व साई के बीच 37 गेंदों पर उड़ गए 82 रन

स्पेंसर जॉनसन (1-47) ने 13वें ओवर में गिल को लौटाया तो बटलर का आक्रामक अंदाज देखने को मिला, जिन्होंने साई संग दूसरे विकेट के लिए 37 गेंदों पर ही 82 रन ठोक दिए। अंशुल कम्बोज (1-56) ने 19वें ओवर में साई को आउट कर 207 रनों पर यह भागीदारी तोड़ी और अगली ही गेंद पर राहुल तेवतिया (शून्य) रन आउट हो गए।

स्कोर कार्ड

लेकिन बटलर ने अगली दो गेंदों पर चौके जड़ने के साथ लगातार दूसरा व सत्र का अपना चौथा पचासा पूरा कर लिया। वहीं वॉशिंगटन सुंदर (सात रन, तीन गेंद, एक चौका) मुकेश चौधरी (1-36) पर छक्का जड़ने के बाद पारी की अंतिम गेंद पर आउट हुए।

शुक्रवार का मैच : सनराइजर्स हैदराबाद बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (हैदराबाद, शाम 7.30 बजे)।

Exit mobile version