Site icon hindi.revoi.in

IPL-18 : गुजरात टाइटंस का भी खुला खाता, मुंबई इंडियंस की लगातार दूसरी पराजय

Social Share

अहमदाबाद, 29 मार्च। ओपनर बी. साई सुदर्शन के दमदार अर्धशतक (63 रन, 41 गेंद, दो छक्के, चार चौके) के बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने जरूरत के वक्त तिलक वर्मा व सूर्यकुमार यादव की जमी जमाई जोड़ी उखाड़ दी। इसका नतीजा यह हुआ कि गुजरात टाइटंस (GT) ने शनिवार को यहां पांच बार के पूर्व चैम्पियन मुंबई इंडियंस (MI) को 36 रनों से शिकस्त दी और टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-18) 2025 में अपना खाता खोल लिया।

साई सुदर्शन के पचासे के बाद सिराज व प्रसिद्ध की मारक गेंदबाजी

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सिक्के की उछाल गंवाने वाली शुभमन गिल एंड कम्पनी ने सुदर्शन सहित शीर्ष क्रम के अन्य बल्लेबाजों की उपयोगी पारियों से आठ विकेट पर 196 रन बनाए थे। जवाब में प्रसिद्ध कृष्णा (2-18) व मो. सिराज (2-34) के सामने मुंबई इंडियंस की टीम छह विकेट पर 160 रनों तक ही पहुंच सकी।

गुजरात टाइटंस अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंचा

घरेलू मैदान पर ही अपने पहले मैच में पंजाब किंग्स के हाथों पराजय झेलने वाली गुजरात टाइटंस टीम इस जीत के बाद अंक तालिका में आरसीबी (चार अंक) व एलएसजी (दो अंक) के बाद तीसरे स्थान पर जा पहुंची है। वहीं पहले मैच में सीएसके के हाथों भी परास्त हो चुकी हार्दिक पंड्या की टीम 10वें व अंतिम पायदान पर है।

मो. सिराज ने मुंबई इंडियंस की शुरुआत बिगाड़ी

मुकाबले पर नजर दौड़ाएं तो चुनौतीपूर्ण लक्ष्य के सामने मुंबई की शुरुआत बिगड़ गई, जब मो. सिराज ने चौथी गेंद पर रोहित शर्मा (आठ रन, चार गेंद, दो चौके) को बोल्ड मारा और अपने तीसरे ओवर में रियान रिकेल्टन (छह रन, एक चौका) को उसी अंदाज में निबटा दिया।

तिलक व सूर्या के बीच 62 रनों की भागीदारी

इसके बाद तिलक वर्मा (39 रन, 36 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) व सूर्या (48 रन, 28 गेंद, चार छक्के, एक चौका) के बीच 42 गेंदों पर 62 रनों की अच्छी साझेदारी विकसित हुई। लेकिन ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ प्रसिद्ध ने 12वें ओवर में तिलक का शिकार कर फिर लय बिगाड़ दी। इसी गेंदबाज ने 16वें ओवर में सूर्या की भी विदाई कर दी। उधर कगिसो रबाडा ने अगले ओवर में हार्दिक पंड्या (11 रन, 17 गेंद, एक चौका) को लौटा दिया (6-124)। फिर तो नमन धीर (नाबाद 18 रन, 11 गेंद, तीन चौके) व मिचेल सैंटनर (नाबाद 18 रन, नौ गेंद, दो छक्के, एक चौका) सिर्फ पराजय का अंतर कम कर सके।

साई सुदर्शन व गिल के बीच 78 रनों की साझेदारी

इसके पूर्व साई सुदर्शन व गिल (38 रन, 27 गेंद, एक छक्का, चार चौके) ने 51 गेंदों पर 78 रनों की अच्छी साझेदारी विकसित कर दी। हार्दिक पंड्या (2-29) ने नौवें ओवर में गिल का शिकार कर यह भागीदारी तोड़ी तो साई संग जोस बटलर (39 रन, 24 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) ने भी 32 गेंदों पर 51 रनों की भागीदारी कर दी।

स्कोर कार्ड

इसके बाद सुदर्शन ने शेर्फेन रदरफोर्ड (18 रन 11 गेंद, दो छक्के) सहित अन्य बल्लेबाजों की मौजूदगी में लगातार दूसरा पचासा पूरा किया और दल को बड़ा स्कोर प्रदान करने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि स्लाग ओवरों में लगातार तीन गेंदों पर सुदर्शन, राहुल तेवतिया (0) व रदरफोर्ड के रूप में तीन विकेट निकल गए, अन्यथा स्कोर 200 के पार जाता प्रतीत हो रहा था।

रविवार के मैच : दिल्ली कैपिटल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद (विशाखापत्तनम, अपराह्न 3.30 बजे), राजस्थान रॉयल्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (गुवाहाटी, शाम 7.30 बजे)।

Exit mobile version