Site icon hindi.revoi.in

जीएसटी संग्रह अक्टूबर में 1.72 लाख करोड़ रुपये, वार्षिक आधार पर 13% की बढ़ोतरी

Social Share

नई दिल्ली, 1 नवम्बर। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) ने मोदी सरकार को मालामाल कर दिया है। इस क्रम में अक्टूबर 2023 में 1.72 लाख करोड़ रुपये का जीएसटी संग्रह हुआ है, जो अब तक का दूसरा सबसे अधिक है। दरअसल, अक्टूबर में जीएसटी संग्रह में वार्षिक आधार पर 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अप्रैल, 2023 के बाद दूसरा सर्वाधिक संग्रह

वित्त मंत्रालय के अनुसार एक वर्ष पहले अक्टूबर, 2022 में जीएसटी संग्रह 1.52 लाख करोड़ रुपये रहा था। मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘अक्टूबर, 2023 के लिए जीएसटी राजस्व अप्रैल, 2023 के बाद दूसरा सर्वाधिक आंकड़ा है। अप्रैल, 2023 में जीएसटी संग्रह 1.87 लाख करोड़ रुपये रहा था।’

वित्त वर्ष 2023-24 में औसत मासिक जीएसटी संग्रह 1.66 लाख करोड़ रुपये

मंत्रालय ने कहा कि वित्त वर्ष 2023-24 में औसत मासिक जीएसटी संग्रह 1.66 लाख करोड़ रुपये रहा है। यह पिछले साल की तुलना में 11 प्रतिशत अधिक है।

अक्टूबर, 2023 में एकत्रित सकल जीएसटी राजस्व 1,72,003 करोड़ रुपये है, जिसमें से 30,062 करोड़ रुपये सीजीएसटी, 38,171 करोड़ रुपये एसजीएसटी और 91,315 करोड़ रुपये (माल के आयात पर एकत्र 42,127 करोड़ रुपये सहित) आईजीएसटी है। 12,456 करोड़ रुपये (वस्तुओं के आयात पर एकत्र 1,294 करोड़ रुपये सहित) उपकर है।

Exit mobile version