Site icon hindi.revoi.in

ग्रीनएक्स टॉक्स 2026 : मानवीय उत्कृष्टता और गरिमा का शानदार उत्सव

Social Share

अहमदाबाद, 27 फरवरी। अहमदाबाद के अदाणी कॉरपोरेट हाउस में शुक्रवार दिन का माहौल ही कुछ अलग था। पांचवें संस्करण के ग्रीनएक्स टॉक्स में न सिर्फ प्रेरक व्यक्तित्व मौजूद थे बल्कि वह सोच भी, जिसे अदाणी ग्रुप आने वाले भविष्य का आधार मानता है। कम्पनी का मानना है कि विकास का असली पैमाना सिर्फ आकार नहीं बल्कि सबको साथ लेकर चलने की क्षमता है।

जीत और दिवा अदाणी ने समझाया ‘ग्रीनएक्स’ का मतलब

कार्यक्रम की शुरुआत जीत और दिवा अदाणी के भाषणों से हुई। जीत अदाणी ने कहा कि ग्रीनएक्स सिर्फ एक मंच नहीं बल्कि मानवीय उत्कृष्टता और गरिमा का उत्सव है। उन्होंने इस आयोजन के नाम ग्रीनएक्स पर अपनी बात रखते हुए कहा ‘ग्रीन वह है, जो कभी खत्म नहीं होता, और एक्स इंसानी आत्मा की असाधारण शक्ति का प्रतीक।’ उन्होंने अपने अनुभवों का जिक्र करते हुए बताया, ‘शक्ति अस्थायी है, लेकिन चरित्र स्थायी।’ उनका संदेश साफ था, हर व्यक्ति अपने भाग्य का निर्माता है।

 

गौतम अदाणी की बहू और जीत अदाणी की पत्नी दिवा अदाणी ने सबको साथ लेकर चलने या समावेशन की असल परिभाषा पर प्रकाश डाला। उनके अनुसार, ग्रीनएक्स उन लोगों को मंच देता है, जिन्होंने योग्यता के दम पर अपनी जगह बनाई है, न कि सहानुभूति के आधार पर। उन्होंने कहा कि असली समावेशन वही है, जहां लोग इसलिए शामिल हों कि वे इसके हकदार हैं।

खास लोग भी रहे कार्यक्रम में मौजूद

कार्यक्रम के दौरान मंच पर आए खास वक्ताओं ने हॉल में मौजूद हर व्यक्ति को गहराई से प्रभावित किया। प्रसिद्ध नृत्यांगना और अभिनेत्री सुधा चंद्रन ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां कभी व्यक्ति की पहचान तय नहीं करतीं बल्कि उसका दृढ़ संकल्प ही उसके जीवन की असली दिशा तय करता है।

दूसरी ओर, बोलेंट इंडस्ट्रीज के संस्थापक और दृष्टिबाधित उद्यमी श्रीकांत बोला ने अपनी बात को एक प्रभावशाली वाक्य से शुरू किया। उन्होंने कहा, ‘यदि आप असंभव का सपना नहीं देखेंगे तो उसे हासिल नहीं कर पाएंगे।’ उनकी यह दृढ़ता इस बात का प्रतीक थी कि हर कठिनाई, सही मायने में जीवन के उद्देश्य को हासिल करने की ऊर्जा बन सकती है।

इंस्टीट्यूशनल इन्क्लूजन की भावना के तहत, इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वी. विद्यावती थीं, जो सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की सचिव हैं। उनकी मौजूदगी ने भारत सरकार के देश भर में दिव्यांग लोगों के लिए अधिकारों पर आधारित फ्रेमवर्क को मजबूत करने, सुगमता बढ़ाने, स्किलिंग और सामाजिक सुरक्षा के रास्ते बनाने की लगातार प्रतिबद्धता को दिखाया।

दिए गए अदाणी एबिलिटी अवॉर्ड्स

कार्यक्रम का एक अहम हिस्सा रहा अदाणी एबिलिटी अवॉर्ड्स, जिसे समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने प्रदान किया। इस वर्ष विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। इन क्षेत्रों में शामिल हैं अडैप्टिव स्पोर्ट्स, सार्वजनिक सेवा, सांस्कृतिक योगदान, सामाजिक उद्यमिता और क्रिएटिव आर्ट्स। साथ ही, भारतीय ब्लाइंड महिला क्रिकेट टीम को भी सम्मानित किया गया, जिसने अनेक बाधाओं के बावजूद अपनी मजबूत पहचान बनाई।

सिर्फ कार्यक्रम नहीं परंपरा

पांच वर्षों में ग्रीनएक्स टॉक्स केवल एक कार्यक्रम नहीं रहा बल्कि अदाणी समूह के भीतर एक ऐसी परंपरा बन गया है, जहां उन लोगों की कहानियां सामने आती हैं जो साहस, मेहनत और चरित्र की मिसाल बनकर उभरते हैं।

Exit mobile version