Site icon hindi.revoi.in

अयोध्या में दीपोत्सव : सरयू किनारे ‘पुष्पक विमान’ से उतरे प्रभु राम, सीएम योगी ने किया स्वागत

Social Share

अयोध्या, 3 नवम्बर। प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या बुधवार को पूरी तरह राममय हो गई। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा सहित यूपी सरकार के मंत्री व अन्य अतिथियों की मौजूदगी में यहां भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार दोपहर अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने हेलीकॉप्टर स्वरूप पुष्पक विमान से उतरे प्रभु राम, सीता व लक्ष्मण जी का स्वागत किया और फिर उनका राज्याभिषेक किया।

जय श्रीराम के उद्घोष और शंखनाद के साथ निकली राम राज्याभिषेक शोभायात्रा

इसके पहले नगर के साकेत पीजी कॉलेज से राम राज्याभिषेक शोभायात्रा जय श्रीराम के उद्घोष और शंखनाद के साथ रवाना हुई। उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया, जिसमें भारत की लोक संस्कृति के अलग-अलग रंग देखने को मिले।

राम की पैड़ी के 32 घाटों पर नौ लाख दीप जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनेगा

वहीं, शाम को सरयू नदी के तट पर होने वाले दीपोत्सव में पांच देशों से आए 10 हजार अतिथि गवाह बनेंगे। इस दौरान सीएम व राज्यपाल सहित कई मंत्री मां सरयू की भव्य आरती उतारेंगे। यहां लेजर शो, दीपों की माला के साथ रंग-बिरंगी अयोध्या स्वर्ग की भांति दिखेगी। राम की पैड़ी के 32 घाटों पर नौ लाख दीप जलाकर नया विश्व कीर्तिमान बनाया जाएगा। साढ़े सात लाख दीप एक साथ 40 मिनट में जलाने और पांच मिनट तक जलते रहने का नया विश्व कीर्तिमान बनाने का लक्ष्य अवध के 12 हजार युवा साधेंगे।

Exit mobile version