Site icon hindi.revoi.in

भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूरे होने पर दिल्ली में 7 नवम्बर से भव्य शताब्दी समारोह की शुरुआत

Social Share

नई दिल्ली, 4 नवम्बर। केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भारतीय हॉकी के 100 वर्ष (1925-2025) पूरे होने के उपलक्ष्य में भव्य समारोह की घोषणा की है। हॉकी इंडिया के सहयोग से यह शताब्दी समारोह 7 नवम्बर को राष्ट्रीय राजधानी के मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही इस अवसर पर भारत के 550 से अधिक जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह समारोह पूर्वाह्न 8.30 बजे शुरू होगा और भारतीय हॉकी के गौरवशाली सफर को दर्शाने वाले कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

यह हमारे नायकों को याद करने और उनकी यात्रा से प्रेरणा लेने का अवसरमांडविया

डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा, ‘भारत हॉकी के 100 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहा है, और यह गौरव, दृढ़ता और राष्ट्रीय गौरव से भरी एक शताब्दी का सम्मान हैं। यह देश को सम्मान दिलाने वाले हमारे नायकों को याद करने और आगे बढ़ते हुए उनकी यात्रा से प्रेरणा लेने का अवसर है। हॉकी भारत के लिए सिर्फ एक खेल नहीं बल्कि उससे कहीं बढ़कर है – यह हमारी पहचान और सामूहिक भावना का हिस्सा है। 550 से ज्यादा जिलों में होने वाले ये समारोह न सिर्फ हमारी विरासत को उजागर करेंगे, बल्कि भारतीय हॉकी की कहानी को देश के कोने-कोने तक लेकर जाएंगे। इससे युवा लड़के-लड़कियों को हॉकी स्टिक थामने और पूरे जुनून के साथ खेलने की प्रेरणा मिलेगी।’

ध्यानचंद स्टेडियम में 100 गौरवशाली वर्षों की दृश्य यात्रा का अनुभव

मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में एक बड़े पैमाने पर फोटो प्रदर्शनी यहां आने वाले लोगों को 100 गौरवशाली वर्षों की दृश्य यात्रा का अनुभव कराएगी। इसमें 1928 के एम्स्टर्डम खेलों से लेकर वर्तमान हॉकी के स्वरूप तक की दुर्लभ अभिलेखीय तस्वीरें, यादगार वस्तुएं और ओलंपिक घटनाओं के चित्र और अन्य यादगार वस्तुएं प्रदर्शित की जाएंगी।

स्मारक संस्करण भारतीय हॉकी के 100 वर्षका विमोचन भी होगा

शताब्दी वर्ष के अवसर पर आधिकारिक स्मारक संस्करण, ‘भारतीय हॉकी के 100 वर्ष’ का विमोचन भी होगा। यह इस खेल की उल्लेखनीय यात्रा – विजय, चुनौतियों और पुनरुत्थान – का वर्णन करता है। यह प्रकाशन पुस्तिका एक ऐतिहासिक अभिलेख के साथ-साथ भारतीय हॉकी विरासत को आकार देने वाले खिलाड़ियों की पीढ़ियों के प्रति श्रद्धांजलि भी होगी।

देश के 550 जिलों में एक साथ 1,400 से ज्यादा हॉकी मैच खेले जाएंगे

इस अवसर को जमीनी स्तर के 36,000 से ज्यादा खिलाड़ियों की भागीदारी के साथ देशभर के 550 जिलों में एक साथ 1,400 से ज्यादा हॉकी मैच खेले जाएंगे। प्रत्येक जिले में एक पुरुष और एक महिला मैच होगा, जो समानता और समावेश का प्रतीक है। इस पहल का उद्देश्य पूरे देश में उत्सव का माहौल के साथ-साथ ग्रामीण और शहरी भारत को राष्ट्रीय खेल के उत्सव में एकजुट करना है।

Exit mobile version