Site icon hindi.revoi.in

कर्नाटक सरकार ने की घोषणा – कोरोना वायरस के बीएफ.7 सब-वैरिएंट से संक्रमितों का होगा निःशुल्क इलाज

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

बेंगलुरु, 27 दिसम्बर। कर्नाटक सरकार ने कहा है कि जो लोग कोरोना वायरस के बीएफ.7 सब-वैरिएंट से संक्रमित पाए जाएंगे, उनका इलाज मुफ्त में किया जाएगा। राज्य के राजस्व मंत्री आर. अशोक ने मीडिया से कहा कि बीएफ.7 सब-वैरिएंट से संक्रमित मरीजों का इलाज बेंगलुरु में विक्टोरिया अस्पताल और मंगलुरु में वेनलॉक अस्पताल में किया जाएगा।

बेंगलुरु में विक्टोरिया अस्पताल और मंगलुरु में वेनलॉक अस्पताल आरक्षित

ज्ञातव्य है कि BF.7 वैरिएंट, ओमिक्रॉन का एक सबवैरिएंट है। माना जा रहा है कि चीन में इससे संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। यही कारण है कि भारतीय अधिकारियों को इसके उपाय करने के लिए कहा गया है। आर अशोक ने कहा, ‘चीन में कोविड के मामले बढ़ रहे हैं। हमारे सलाहकार सेल ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की निगरानी करने का सुझाव दिया है। हमने स्वास्थ्य मंत्री के.सुधाकर के साथ कोविड की तैयारियों से संबंधित एक बैठक की थी। उपचार प्रदान करने के लिए बेंगलुरु में दो अस्पताल समर्पित किए जाएंगे।’

अब कर्नाटक कालाबुरगी एयरपोर्ट पर भी यात्रियों के लिए फेस मास्क अनिवार्य

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि रेस्तरां, पब और स्कूलों के बाद कर्नाटक कालाबुरगी एयरपोर्ट पर आने और जाने वाले यात्रियों के लिए फेस मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। इसके अलावा, नव वर्ष की पार्टी के लिए एक जनवरी को एक बजे तक ही अनुमति दी जाएगी। केवल उन लोगों को इन जगहों पर प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी, जिन्होंने COVID-19 वैक्सीन की दोनों खुराक ली हैं। इसी क्रम में प्रतिष्ठानों को त्योहारी सीजन के दौरान भीड़भाड़ से बचने का आदेश दिया गया है। मूवी थिएटर में फेस मास्क पहनना भी अनिवार्य कर दिया गया है।

Exit mobile version