Site icon hindi.revoi.in

Gold-Silver Rate : दूसरे दिन भी लुढ़के सोने-चांदी के दाम, MCX पर गोल्ड 1,000 रुपये से ज्यादा टूटा

Social Share

मुंबई, 7 जुलाई। घरेलू वायदा बाजार में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर शुरुआती कारोबार के दौरान दोनों कीमती धातुओं में बिकवाली हावी रही, जिससे इनके भाव में करीब 1.20 प्रतिशत तक की कमजोरी देखने को मिली।

एमसीएक्स पर 5 अगस्त 2026 डिलीवरी वाला सोना पिछली क्लोजिंग 1,46,917 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 1,46,566 रुपये पर खुला। कारोबार बढ़ने के साथ इसमें और गिरावट आई। सुबह 9:52 बजे तक सोना 1,009 रुपये यानी 0.69 प्रतिशत टूटकर 1,45,908 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। सत्र के दौरान इसने 1,45,767 रुपये का निचला और 1,46,566 रुपये का ऊपरी स्तर छुआ।

वहीं, 4 सितंबर 2026 डिलीवरी वाली चांदी 2,36,099 रुपये प्रति किलोग्राम के पिछले बंद भाव के मुकाबले 1,999 रुपये की गिरावट के साथ 2,34,100 रुपये पर खुली। शुरुआती कारोबार में बिकवाली बढ़ने से चांदी 2,816 रुपये यानी 1.19 प्रतिशत टूटकर 2,33,283 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। कारोबार के दौरान इसका निचला स्तर 2,32,862 रुपये और उच्चतम स्तर 2,34,100 रुपये रहा।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव बना रहा। खबर लिखे जाने तक कॉमेक्स पर सोना 0.63 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,141 डॉलर प्रति औंस और चांदी 1.46 प्रतिशत फिसलकर 61.41 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। इस बीच, रेटिंग एजेंसी क्रिसिल की हालिया रिपोर्ट में बताया गया है कि वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में गोल्ड लोन देश की सबसे बड़ी सिक्योर्ड एसेट कैटेगरी बनकर उभरा है। रिपोर्ट के अनुसार, इस अवधि में जारी कुल सिक्योर्ड लोन में गोल्ड लोन की हिस्सेदारी बढ़कर करीब 31 प्रतिशत हो गई, जबकि वाहन ऋण की हिस्सेदारी घटकर लगभग 26 प्रतिशत रह गई।

Exit mobile version