नई दिल्ली। वैश्विक बाजारों में अस्थिरता कम होने और निवेशकों की मुनाफावसूली के चलते इस सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार, 24 कैरेट सोना इस सप्ताह 5,097 रुपये सस्ता होकर 1,39,873 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि पिछले सप्ताह इसका भाव 1,44,970 रुपये था। इसी तरह 22 कैरेट सोने की कीमत घटकर 1,28,124 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई, जो पहले 1,32,793 रुपये थी। वहीं, 18 कैरेट सोना 1,04,905 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि पहले इसका भाव 1,08,728 रुपये था। इस सप्ताह 24 कैरेट सोने का सबसे ऊंचा भाव 22 जून की सुबह 1,47,310 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया, जबकि सबसे निचला स्तर 25 जून की शाम 1,39,461 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा।
- चांदी में भी बड़ी गिरावट
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट देखने को मिली। आईबीजेए के मुताबिक, चांदी 15,432 रुपये प्रति किलो सस्ती होकर 2,16,541 रुपये प्रति किलो पर आ गई, जबकि पिछले सप्ताह इसका भाव 2,31,973 रुपये प्रति किलो था। इस सप्ताह चांदी का उच्चतम भाव 22 जून की शाम 2,37,801 रुपये प्रति किलो और न्यूनतम भाव 25 जून की सुबह 2,15,485 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया। आईबीजेए प्रतिदिन सुबह और शाम दो सत्रों में सोने और चांदी के ताजा भाव जारी करता है।
- गिरावट की वजह क्या है?
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक स्तर पर तनाव कम होने, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से महंगाई के चलते ब्याज दरें ऊंची बनाए रखने के संकेत, निवेशकों की मुनाफावसूली और डॉलर की मजबूती ने सोने और चांदी पर दबाव बनाया है। इन कारणों से अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 4,100 डॉलर प्रति औंस और चांदी का भाव 60 डॉलर प्रति औंस से नीचे आ गया।
- एक महीने में बड़ी गिरावट
पिछले एक महीने के दौरान सोने की कीमतों में करीब 10 प्रतिशत और चांदी में लगभग 25 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे दोनों कीमती धातुओं के दामों में उल्लेखनीय नरमी देखने को मिली है।

