Site icon hindi.revoi.in

दीपावली पर वैश्विक नेताओं ने भारत को दी बधाई, जानें क्या कहा?

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 4 नवंबर। प्रकाश पर्व दीपावली के अवसर पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन, वहां की भारतीय मूल की मंत्री प्रीति पटेल, ताइवान की राष्ट्रपति त्साई इंग-वेन, इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट समेत विनिन्न देशों के नेताओं, राजनयिकों और जानीमानी हस्तियों ने भारत और दुनिया में रह रहे भारतीय मूल के लोगों के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

दीपावली का पर्व परंपरागत श्रद्धा और उत्साह से मनाया जा रहा है। जगह-जगह तीन दिन से दीपावली समारोह शुरू हो गए हैं। अमेरिका के न्यूयार्क में हडसन नदी के तट पर तीन दिन के दीपावली समारोह में कल सुंदर आतिशबादी आयोजित की गई।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री जॉनसन ने ट्विटर पर शुभकामना संदेश में कहा, “ब्रिटेन और दुनिया के हर कोने में दीपावली और बंदी छोड़ दिवस मना रहे लोगों को शुभकामनाएं।’ इस उपल्क्ष्य में जॉनसन के कार्यालय 10, डाउनिंग स्ट्रीज ने 1.51 मिनट का वीडियो भी जारी किया है जिसमें उन्होंने हिन्दुओं, सिखों और जैन समुदाय के लोंगों को बुराई पर अच्छाई, अंधकार पर प्रकाश और अज्ञान पर ज्ञान की की जीत के इस पर्व की बधाई दी है।

जॉनसन ने शुभकामना ‘नमस्ते’ से शुरू की है और कहा है कोविड19 के 18 माह के कठिन दौर के बाद इन त्यौहारों का विशेष महत्व है। उन्होंने पाबंदियों का पालन कर महामारी से निपटने में सहयोग के लिए भारतीय समुदाय के लोगों का आभार जताया और कहा कि ‘इसी के चलते आज लिसेस्टर शहर में प्रकाश किया जा सका है और लोग मिठायां खा रहे हैं।” उन्होंने कोविड वैक्सीन को ज्ञान का आधुनिक प्रतीक बताते हुए कहा कि इसके चलते महामारी का मुकाबला कर के जीवन को आगे बढ़ा पा रहे हैं।

ब्रिटेन की गृहमंत्री प्रीति पटेल ने मंदिर में कैंडल जाते हुए अपनी एक तस्वीर के साथ जारी दिवाली शुभकामना संदेश में कहा है कि यह प्रकाशोत्सव, “हमें स्मरण कराता है कि हम अपने अंत:करण में आत्मचिंतन की एक लौ जला कर अपने अंदर और अपने चारो तरफ फैले अंधेरे को दूर करें।”

ताइवान की राष्ट्रपति इंग-वेन ने अपने संदेश में कहा, “मैं भारत और दुनिया भर में हमारे मित्रों को दिवाली की शुभकामना देती हूं। प्रकाश का यह त्योहार आप सब के लिए खुशिया लाएं और आपका स्वास्थ्य अच्छा रहे। शुभकामना।” उन्होंने ट्विटर पर इस संदेश के साथ पुष्प-रंगोली और दीप्त मोमबत्ती वाला हैपी दिवाली का कार्ड भी डाला है।

इजराइल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने एक ही ट्वीट में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में कहा है “समस्त भारतीयों को दीवाली के पावन अवसर पर शुभकामनाएं।” इसी क्रम में इजरायल सरकार के ट्विटर हैंडल पर प्रदीप्त दीपक के साथ‘ हैपी दिवाली’का कार्ड जारी किया गया है।

जाम्बिया के राष्ट्रपति हकाइंदे हिचिलेमा ने दियों वाला दीपावली कार्ड के साथ जारी शुभकामना संदेश में कहा है कि “हमारे हिंदु और सिख समुदाय के लोग आज के दिन पूरी दुनिया में दिवाली का प्रकाशोत्सव मनाते है। हर दिया लोगों के जीवन में सुख ,शांति और समृद्धि का प्रकाश लाए। शूभ दिवाली।”

कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने दिवाली के अवसर पर 1.20 मिनट का वीडियो संदेश देकर बधाई दी है। उन्होंने कहा, “दिवाली मनाने वाले हर व्यक्ति को हमारी शुभकामनाएं। इस समय हम कोविड 19 को खत्म करने में लगे हैं। ऐसे में अंधकार पर प्रकाश की जीत तथा आशा और ज्ञान की शक्ति के इस पर्व की गूंज पहले से भी अधिक बढ़ जाती है।”

ऑस्ट्रेलिया के नौसेना प्रमुख माइकल नूनान ने ट्विटर से पोत और पंडुब्बियों की चार तस्वीरों के साथ अपनी सेना के पुरुष और महिला नौसैनिकों की ओर से भारत के लोगों को दीवाली की शुभकामनाएं दी है। इस अवसर पर उन्होंने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच राजनीतिक, आर्थिक, सैन्य और सांस्कृतिक क्षेत्रों में मजबूत संबंधों का उल्लेख किया है। इसके साथ ही कई अन्य देशों के राजनेताओं, भारत में उनके दूतावासों के राजनयिकों ने दीपावली पर शुभकामनाएं और बधाई दी हैं।

Exit mobile version