Site icon Revoi.in

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह पंचतत्व में विलीन, बेटे राजवीर ने दी मुखाग्नि

Social Share

बुलंदशहर, 23 अगस्त। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का सोमवार को अपराह्न यहां नरौरा में गंगा किनारे राजघाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हुआ। कल्याण सिंह के पुत्र व एटा से भाजपा सांसद राजवीर सिंह ने चिता को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई बड़े नेता शामिल हुए.

भाजपा के कद्दावर नेता 89 वर्षीय कल्याण सिंह का गत 21 अगस्त को लखनऊ के एसजीपीजीआई में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर रविवार को लखनऊ से अलीगढ़ लाया गया था। आज सुबह दिवंगत नेता का पार्थिव शरीर अतरौली स्थित उनके पैतृक गांव लाया गया।

अतरौली के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में गृह मंत्री अमित शाह व यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सहित अन्य नेताओं ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। अतरौली से कल्याण सिंह की शव यात्रा बुलंदशहर के नरौरा पहुंची, जहां केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य नेताओं ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्य पुरोहित चंद्र पाल आर्य की अगुआई में आर्य समाज के 21 पंडितों ने अपराह्न लगभग तीन बजे वैदिक विधि-विधान से कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार कराया। 20 किलो चंदन की लकड़ी, 5 क्विंटल आम की लकड़ी, 50 किलो केसर, कपूर सहित अन्य सामग्री और 60 किलो घी से अंतिम संस्कार की प्रकिया पूरी की गई।