Site icon hindi.revoi.in

पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह की बहू और कांग्रेस नेता मानवेंद्र सिंह की पत्नी चित्रा सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

जयपुर, 30 जनवरी। पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा के दिग्गज नेता दिवंगत जसवंत सिंह की बहू और पूर्व कांग्रेस सांसद मानवेंद्र सिंह की पत्नी चित्रा सिंह की मंगलवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर अलवर के पास सड़क हादसे में मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि दिवंगत भाजपा नेता जसवंत सिंह के बेटे मानवेंद्र सिंह और उनका परिवार दिल्ली से जयपुर जा रहा था।  चालक नरेंद्र ने संभवतः कार पर नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सड़क से फिसल गई और नौगावा के पास दो ऊंची सड़कों के बीच खाली जगह पर एक सीमेंटेड पैरापेट से टकरा गई।

कांग्रेस नेता मानवेंद्र सिंह, बेटा और ड्राइवर घायल

अलवर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह ने बताया कि तीनों SUV में यात्रा कर रहे थे। हादसे के बाद उन्हें उनके ड्राइवर के साथ एक निजी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के डॉ. विक्रांत सोलंकी ने बताया कि करीब 55 वर्षीया चित्रा सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि मानवेंद्र सिंह (59), उनका बेटा हमीर सिंह (25) और उनका ड्राइवर घायल हो गए। उन्होंने बताया कि मानवेंद्र सिंह खतरे से बाहर हैं।

सीएम भजनलाल, सतीश पूनिया और अशोक गहलोत ने जताया शोक

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और अन्य नेताओं ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। हादसे पर दुख जताते हुए गहलोत ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वह दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार को साहस दे।’ सतीश पूनिया ने कहा कि घटना चौंकाने वाली है। उन्होंने चित्रा सिंह के निधन पर शोक जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उल्लेखनीय है बाड़मेर से पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उन्होंने झालरापाटन निर्वाचन क्षेत्र से तत्कालीन मुख्यमंत्री और भाजपा नेता वसुंधरा राजे के खिलाफ 2018 विधानसभा चुनाव भी लड़ा था। लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में भी मानवेंद्र सिंह ने सिवाना से चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गए। मानवेंद्र सिंह के पिता जसवंत सिंह का 2020 में 82 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।

Exit mobile version