Site icon hindi.revoi.in

पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहसिना किदवई का निधन

Social Share

नोएडा, 8 अप्रैल। पूर्व केंद्रीय मंत्री व वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता मोहसिना किदवई का बुधवार को निधन हो गया। काफी समय से बीमार चल रहीं 94 वर्षीय किदवई ने तड़के चार बजे अस्‍पताल में आखिरी सांस ली। मेरठ से तीन बार सांसद रहीं कांग्रेस दिग्गज के निधन पर कई राजनेताओं ने शोक व्‍यक्‍त किया है।

मेरठ से तीन बार सांसद रहीं किदवई का विवाह खलील आर. किदवई से हुआ था। उनके शोक संतप्त परिवार में तीन बेटियां हैं। नोएडा के सेक्‍टर 40 स्थित आवास से मोहसिना किदवई की अंतिम यात्रा अपराह्न निकलेगी। दिल्‍ली के निजामुद्दीन कब्रिस्‍तान में शाम पांच बजे उनको सुपुर्दे खाक किया जाएगा।

तीन बार मेरठ से सांसद चुनी गईं, 2004 से 2016 तक राज्यसभा सदस्य भी रहीं

एक जनवरी, 1932 को उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में जन्मी मोहसिना किदवई ने कम उम्र में ही सार्वजनिक जीवन में कदम रख दिया था। उन्होंने अपने करिअर की शुरुआत राज्य की राजनीति से की और बाद में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। वह 1978 उपचुनाव, 1980 और 1984 में मेरठ से सांसद चुनी गईं। इसके बाद 2004 से 2010 और 2010 से 2016 तक छत्तीसगढ़ से राज्‍यसभा की सदस्‍य रहीं। उसदौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर विधायी बहसों और नीति-निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

गांधी परिवार की करीबी रहीं मोहसिना ने केंद्रीय मंत्री के रूप में कई मंत्रालयों को संभाला

गांधी परिवार की करीबी रहीं मोहसिना किदवई, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के नेतृत्व वाली सरकारों में केंद्रीय मंत्री रहने के दौरान किदवई ने स्‍वास्‍थ्‍य, शहरी विकास, पर्यटन और नागरिक उड्डयन जैसे मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली। केंद्र सरकार में मंत्री के अलावा हज कमेटी की अध्‍यक्ष भी रहीं। उन्‍होंने कांग्रेस महासचिव के रूप में भी काम किया। वह कांग्रेस कार्य समिति और कांग्रेस पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्‍य भी रहीं। वह लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहीं।

मनीष तिवारी ने जताया दुख

इस बीच वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने मोहसिना किदवई के निधन पर शोक व्‍यक्‍त किया है। उन्‍होंने कहा कि मोहसिना किदवई बेहद सौम्‍य स्‍वभाव की थीं। उनके व्‍यक्तित्‍व में सरलता और विनम्रता झलकती थी। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्‍होंने कई बार केंद्रीय मंत्री और सांसद के रूप में देश की सेवा की है। उनके योगदान को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

Exit mobile version