Site icon Revoi.in

झारखंड : पूर्व सीएम चंपई सोरेन भाजपा में शामिल, जय श्रीराम के नारे के साथ भरी हुंकार

Social Share

रांची, 30 अगस्त। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक नेताओं में एक व पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने पूर्व निर्धारित घोषणा के अनुसार शुक्रवार को आज भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। धुर्वा स्थित शाखा मैदान पर प्रदेश भाजपा की ओर से आयोजित मिलन समारोह में असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित के बड़े नेताओं की मौजूदगी में चंपई सोरेन को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।

झारखंड में कोल्हान टाइगर के नाम से मशहूर वरिष्ठ आदिवासी नेता 67 वर्षीय चंपई सोरेन ने भाजपा में शामिल होने के बाद जय श्रीराम के नारे के साथ हुंकार भरी। उन्होंने अपने संबोधन में झामुमो पर निशाना साधते हुए कहा, ‘मैंने JMM को अपने खून-पसीने से सींचा और एक लंबे संघर्ष के बाद बाहर आ गया।’

झामुमो में बहुत अपमानित महसूस कर रहा था

चंपई ने कहा, ‘झामुमो में मैं बहुत अपमानित महसूस कर रहा था। इस अपमान के बाद मैं संन्यास लेने के बारे में सोच रहा थे, लेकिन जनता का प्यार देखकर मैंने अपना फैसला वापस लिया। नया दल बनाने के बारे में सोचा, लेकिन समय बहुत कम था, इसलिए तय किया कि भाजपा में शामिल हो जाएंगे।

कभी नहीं सोचा कि हमारे पीछे जासूस लगाए जाएंगे

कथित जासूसी प्रकरण पर उन्होंने कहा, ‘मैंने कभी नहीं सोचा था कि मेरी जासूसी करवाई जाएगी। कोलकाता में इसकी जानकारी मिली कि मेरे पीछे जासूस भेजे गए हैं। उसी दिन मैंने तय कर लिया था कि दूसरी पार्टी में शामिल हो जाऊंगा।’

कांग्रेस पर झारखंड आंदोलन को कुचलने का आरोप लगाया

चंपई सोरेन ने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा, ‘हमें याद है झारखंड आंदोलन के समय यदि गोली कांड हुआ था तो केवल कांग्रेस के कारण हुआ था। कोल्हान में गोली कांड हुआ तो कांग्रेस ने किया। इस पार्टी ने झारखंड आंदोलन को उस समय कुचलने का काम किया, इसलिए हमने सोचा कि आदिवासियों और मूलवासियों की अस्मिता बढ़ाने के लिए यदि किसी पार्टी में जा सकते हैं तो वह सिर्फ बीजेपी है।’

आज संथाल परगना में बांग्लादेशी घुसपैठियों का बोलबाला

पूर्व सीएम ने राज्य में बांग्लादेशी घुसपैठ पर अपनी बात दोहराते हुए कहा कि संथाल परगना में घुसपैठियों का आना हो रहा है। जिस संथाल परगना को हमारे पूर्वजों ने बनाया, आज वहां बांग्लादेशी घुसपैठियों का बोलबाला है। ऐसे में वहां कमल खिला कर हम उसे बचाएंगे। जो 40 साल पहले मेरी आवाज थी, आज भी वही है। आज आदिवासियों की पहचान संकट में है। ये लड़ाई कोई और पार्टी नहीं लड़ सकती है। हमने बहुत सोच समझ कर यह कदम उठाया है। यह लड़ाई सिर्फ भाजपा ही लड़ सकती है।’

‘मुझे प्रधानमंत्री मोदी पर पूरा भरोसा

चंपई ने कहा, ‘झामुमो का कांग्रेस के साथ गठबंधन है, इसलिए मैं इस पार्टी में आया हूं। मुझे पीएम मोदी पर पूरा भरोसा है। मुझे देश के गृह मंत्री पर पूरा भरोसा है। जिस उम्मीद के साथ झारखंड का गठन किया गया था, वह झारखंड बीजेपी के साथ मिलकर ही बनेगी।’

जय श्रीराम के नारे के साथ किया भाषण का समापन

उन्होंने कहा, ‘कितने शर्म की बात है कि जिनके आंदोलन से झारखंड बना, उसके पीछे ही जासूस लगा दिया। मेरी ईमानदारी और भरोसे के कारण ही विश्व की सबसे बड़ी पार्टी में मुझे आज सदस्यता मिली।’ चंपई सोरेन ने जय श्रीराम के नारे के साथ अपना भाषण समाप्त किया।