Site icon Revoi.in

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे नहीं रहे, स्थानीय मीडिया ने की निधन की पुष्टि

Social Share

टोक्यो, 8 जुलाई। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का निधन हो गया है। स्थानीय मीडिया ने संबंधित अधिकारियों के हवाले से 67 वर्षीय शिंजो आबे के निधन की पुष्टि की है।

नारा शहर में चुनावी सभा के दौरान मारी गई थी गोली

पश्चिमी जापान के नारा शहर में शुक्रवार को पूर्वाह्न एक चुनावी सभा के दौरान आबे पर फायरिंग की गई थी। उनकी गर्दन में दाहिनी तरफ और सीने में बाएं ओर गोली का घाव था। गोली लगने के बाद उन्हें कार्डियक अरेस्ट भी हुआ था और उनके दिल की धड़कन बंद हो गई थी। इलाज के लिए उन्हें एयरलिफ्ट कर अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल में उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था, लेकिन डॉक्टरों के अथक प्रयासके बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

दो कार्यकाल में 9 वर्षों तक प्रधानमंत्री रहे शिंजो आबे

वर्ष 2012 से जापान की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के अध्यक्ष रहे शिंजो आबे वर्ष 2006 से 2007 तक एक साल के लिए जापान के प्रधानमंत्री रहे। इसके बाद वह दूसरे कार्यकाल में 2012 से 2020 तक प्रधानमंत्री रहे।

हालंकि आबे ने 2020 में यह कहते हुए प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था कि उनकी एक पुरानी बीमारी फिर से उभर आई है।  उन्होंने उस समय पत्रकारों से कहा था कि अपने कई लक्ष्यों को अधूरा छोड़ना उनके लिए ‘परेशान करने वाली बात’ है। उन्होंने वर्षों पहले उत्तर कोरिया द्वारा अगवा किए गए जापानी नागरिकों के मुद्दे, रूस के साथ क्षेत्रीय विवाद और जापान के युद्ध त्यागने वाले संविधान के संशोधन के मुद्दों को हल करने में अपनी नाकामी की बात स्वीकार की थी।