Site icon Revoi.in

जापान : शिंजो आबे के हत्यारे का खुलासा, पहले किसी और पर हमले की बनाई थी योजना

Social Share

टोक्यो, 9 जुलाई। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के हत्यारे तेत्सुया यामागामी से पुलिस की जांच-पड़ताल जारी है। इस क्रम में पुलिस सूत्रों ने जापानी एजेंसी क्योदो न्यूज को बताया कि यामागामी ने शुरू में शिंजो आबे के स्थान पर किसी और पर हमले की योजना बनाई थी।

गौरतलब है कि यामागामी ने शुक्रवार को पूर्वाह्न पश्चिमी जापान के नारा शहर में एक चुनावी सभा के दौरान पूर्व जापानी पीएम आबे की गोली मारकर हत्या कर दी थी। दुनिया के सबसे सुरक्षित देशों में से एक माने जाने वाले जापान में इस घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है, जहां बंदूक नियंत्रण संबंधी कड़े कानून हैं।

यामागामी एक धार्मिक समूह के नेता पर हमला करना चाहता था

यामागामी ने पुलिस को बताया कि वह एक धार्मिक समूह के नेता पर हमला करना चाहता था, जिसके बारे में उसने दावा किया था कि उसने उसकी मां को धोखा दिया है। आबे पर हमला इसलिए था क्योंकि यामागामी का मानना ​​था कि दो बार के पूर्व प्रधानमंत्री ने देश के भीतर इस समूह को बढ़ावा दिया था। यामागामी ने अन्य स्थानों पर जाने की बात स्वीकार की, जहां आबे ने स्पीच दी थी।

आबे पर उनकी राजनीतिक मान्यताओं को लेकर हमला करने से इनकार

पुलिस सूत्रों ने क्योदो न्यूज को यह भी बताया कि यामागामी ने आबे पर उनकी राजनीतिक मान्यताओं को लेकर हमला करने से इनकार किया। शुक्रवार को हिरासत में लिए जाने के तुरंत बाद पुलिस ने नारा में यामागामी के घर पर छापा मारा और विस्फोटक सामग्री और घर में बनीं बंदूकें बरामद की थीं। हत्यारा जापान के समुद्री आत्मरक्षा बल का पूर्व सदस्य है।