Site icon Revoi.in

गुजरात : पूर्व सीएम शंकर सिंह वाघेला के पुत्र महेंद्र भाजपा छोड़ फिर कांग्रेस में शामिल

Social Share

अहमदाबाद, 28 अक्टूबर। गुजरात में इस वर्षांत प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश के पूर्व मुख्यमत्री शंकर सिंह वाघेला के बेटे महेंद्र सिंह वाघेला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से नाता तोड़कर दोबारा कांग्रेस में शामिल हो गए। महेंद्र वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर पिता के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे। उस समय वह बयाद के विधायक थे।

नफरत की राजनीति के खिलाफ लड़ना चाहता हूं, मैं कभी भी भाजपा में सहज नहीं था’

गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जगदीश ठाकोर ने शुक्रवार को यहां राज्य इकाई के कार्यालय में महेंद्र सिंह वाघेला का पार्टी में स्वागत किया। घर वापसी के बाद महेंद्र वाघेला ने कहा, ‘मैं नफरत की राजनीति के खिलाफ लड़ना चाहता हूं। मैं कभी भी भाजपा में सहज नहीं था। हालांकि मैं भाजपा में शामिल हो गया था।’

जो भी कार्य सौंपा जाएगा, उसे प्रसन्नता पूर्वक करूंगा

महेंद्र वाघेला ने कहा, ‘पिछले पांच वर्षों में मैंने कभी पार्टी के किसी भी कार्यक्रम में भाग नहीं लिया। अब मैं कांग्रेस में वापस आ गया हूं, और पार्टी के लिए काम करूंगा।’ उन्होंने कहा, ‘न तो कांग्रेस की ओर से कोई प्रतिबद्धता थी, न ही मैंने कोई मांग की है। जो भी कार्य सौंपा जाएगा उसे प्रसन्नता पूर्वक करूंगा। मैंने लगभग 27 वर्षो तक कांग्रेस और पार्टी के नेताओं के लिए काम किया है और एक बार फिर उनके साथ अच्छा काम करूंगा।’

शंकर सिंह वाघेला ने बीते दिनों घर वापसी की दिलचस्पी जाहिर की थी

गौरतलब है कि महेंद्र के पिता शंकर सिंह वाघेला ने पिछले दिनों कहा था कि राज्य विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित होने से पहले अगर सोनिया गांधी और राहुल गांधी कहें तो वह पार्टी में फिर से शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस में वापसी के संकेत से जुड़े अपने एक हालिया बयान के बारे में पूछे जाने पर 82 वर्षीय वाघेला ने कहा था – ‘मैंने कहा कि अगर पार्टी, सोनिया जी और राहुल जी को दिलचस्पी है, तो फिर बात होगी। मैंने अपनी इच्छा के तौर पर यह बात कही। अगर वो मिलते हैं, तो बात होगी कि उनके मन में क्या है और मैं क्या कहना चाहता हूं।’