Site icon hindi.revoi.in

पूर्व रक्षा सचिव अजय कुमार बने UPSC के नए चेयरमैन, जानें उनके बारे में

Social Share

नई दिल्ली, 14 मई। पूर्व रक्षा सचिव अजय कुमार को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के मंगलवार को जारी एक आदेश में कहा गया है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संविधान के अनुच्छेद 316(1) के तहत डॉ. अजय कुमार को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

आदेश के अनुसार यूपीएससी के अध्यक्ष के रूप में डॉ. अजय कुमार का कार्यकाल उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से शुरू होगा। उनकी नियुक्ति की अवधि संविधान के अनुच्छेद 316(2) के प्रावधानों के अनुसार विनियमित होगी और सेवा की शर्तें समय-समय पर संशोधित यूपीएससी (सदस्य) विनियम, 1969 द्वारा शासित होंगी। उल्लेखनीय है कि श्री अजय कुमार ने वर्ष 2019 से 2022 तक रक्षा सचिव के रूप में काम किया था।

अजय कुमार, भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 1985 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और केरल कैडर से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने 23 अगस्त, 2019 से 31 अक्टूबर, 2022 तक रक्षा सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दीं। नियमों के अनुसार, अजय कुमार इस संवैधानिक पद पर अक्टूबर 2027 तक बने रह सकते हैं, क्योंकि यूपीएससी अध्यक्ष का कार्यकाल छह वर्ष या 65 वर्ष की आयु तक होता है।

यूपीएससी- भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं के लिए अधिकारियों के चयन करने हेतु सिविल सेवा परीक्षा आयोजित करता है, एक अध्यक्ष और अधिकतम दस सदस्यों से मिलकर बनता है। वर्तमान में आयोग में दो सदस्यों के पद रिक्त हैं।

Exit mobile version