Site icon Revoi.in

पेरिस ओलम्पिक 2024 : इतिहास में पहली बार किसी स्टेडियम के बाहर होगा उद्घाटन समारोह, सीन नदी पर बिखरेगी छटा

Social Share

पेरिस, 25 जुलाई। फ्रांस की राजधानी पेरिस अब से कुछ घंटों बाद ओलम्पिक खेलों के इतिहास में नया अध्याय रचने को तैयार है, जब पेरिस ओलम्पिक खेल 2024 का आधिकारिक तौर पर शुक्रवार को सीन नदी पर एक ऐतिहासिक उद्घाटन समारोह के साथ शुरू होगा। भारत भी इस महत्वपूर्ण अवसर का साक्षी बनेगा।

सीन नदी के किनारे होगी सभी प्रतिभागी राष्ट्रों की पारंपरिक परेड

दरअसल, ओलम्पिक इतिहास में पहली बार उद्घाटन समारोह किसी स्टेडियम के अंदर आयोजित नहीं किया जाएगा। सभी प्रतिभागी राष्ट्रों की पारंपरिक परेड सीन नदी के किनारे होगी, जो ऐतिहासिक फ्रांसीसी राजधानी के केंद्र से होकर बहती है।

लगभग 100 नावों पर यात्रा करेंगे 10 हजार से अधिक खिलाड़ी

पहले अनोखे समारोह में लगभग 100 नावों पर यात्रा करने वाले 10,000 से अधिक ओलम्पिक एथलीट सीन नदी के जरिए यात्रा करेंगे और नोट्रे डेम, पोंट डेस आर्ट्स, पोंट नेफ और अन्य सहित पेरिस के कुछ प्रतिष्ठित स्थलों से गुजरेंगे।

परेड में पीवी सिंधु व शरत कमल होंगे भारतीय दल के ध्वजवाहक 

दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु और अपने पांचवें ओलंपिक में हिस्सा लेने के लिए तैयार टेबल टेनिस के दिग्गज शरत कमल, पेरिस 2024 परेड ऑफ नेशंस में भारतीय दल के ध्वजवाहक होंगे इसके साथ ही दोनों अपने-अपने खेल से ओलम्पिक उद्घाटन समारोह में भारत के फ्लैग-बियरर बनने वाले पहले व्यक्ति बन जाएंगे।

16 खेलों की 69 पदक स्पर्धाओं में प्रतिस्पर्धा करेंगे 112 भारतीय खिलाड़ी

भाला प्रक्षेपक नीरज चोपड़ा के शानदार प्रदर्शन के साथ भारतीय दल टोक्यो 2020 में सात पदकों के साथ लौटा था, जिसमें उनका पहला एथलेटिक्स स्वर्ण भी शामिल है। पेरिस में देश के कुल 112 एथलीट 16 खेलों में 69 पदक स्पर्धाओं में प्रतिस्पर्धा करेंगे। पांच रिजर्व भारतीय एथलीट भी पेरिस में मौजूद होंगे।

परेड के दौरान इन पोशाकों में रहेंगे भारतीय खिलाड़ी

पेरिस 2024 के उद्घाटन समारोह में, भारतीय पुरुष कुर्ता-बंडी सेट पहनेंगे जबकि महिलाएं भारत के तिरंगे झंडे को दर्शाते हुए मैचिंग साड़ियां पहनेंगी। पारंपरिक इकत से प्रेरित प्रिंट और बनारसी ब्रोकेड वाले इन वस्त्रों को तरुण ताहिलियानी द्वारा डिजाइन किया गया है।

भारतीय समयानुसार रात्रि 11 बजे शुरू होगा उद्घाटन समारोह

पेरिस 2024 ओलम्पिक उद्घाटन समारोह भारतीय समयानुसार शुक्रवार रात्रि 11 बजे से शुरू होगा। फैंस भारत में स्पोर्ट्स18 – 1 एसडी और स्पोर्ट्स18 – 1 एचडी टीवी चैनलों पर उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण देख सकते हैं। पेरिस 2024 ओलम्पिक की लाइव स्ट्रीमिंग जियो सिनेमा पर फ्री में उपलब्ध होगी।