Site icon Revoi.in

लोकसभा चुनाव : पहले चरण का प्रचार अभियान समाप्त, 21 राज्यों की 102 सीटों पर 19 अप्रैल को मतदान

Social Share

नई दिल्ली, 17 अप्रैल। लोकसभा चुनाव 2024 के तहत पहले चरण का प्रचार अभियान बुधवार की शाम समाप्त हो गया। पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों के लिए 19 अप्रैल को वोटिंग होंगी। अब इन क्षेत्रों में बड़े स्तर पर चुनाव प्रचार नहीं होंगे। हालांकि उम्मीदवार व्यक्तिगत स्तर पर घर-घर जाकर अपने लिए वोट मांग सकते हैं।

नितिन गडकरी समेत 8 केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत दांव पर

पहले चरण के मतदान में उत्तर से लेकर दक्षिण और पूरब से लेकर पश्चिम तक कई दिग्गज नेताओं के भाग्य का फैसला होना है। इनमें नितिन गडकरी सहित आठ केंद्रीय मंत्री भी शामिल हैं। अन्य प्रमुख चेहरों में भाजपा के. अन्नामलाई, DMK प्रत्याशी कनिमोई, केंद्रीय मंत्री किरिन रिजिजू, मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ, जितिन प्रसाद, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, अगाथा शर्मा, हनुमान बेनीवाल, चंद्रशेखर आजाद, अजय भट्ट व ए राजा आदि शामिल हैं।

इन सीटों पर सबकी रहेगी नजर

पहले चरण में जिन महत्वपूर्ण सीटों पर चुनाव होने जा रहा है,  उनमें नागपुर, कन्याकुमारी, चेन्नई सेंट्रल, मुज्जफरनगर, सहारनपुर, कैराना, पीलीभीत, डिब्रूगढ़, जोरहट, जयपुर, छिंदवाड़ा, जमुई, बस्तर, नैनीताल व लक्षद्वीप आदि शामिल हैं। इसके अलावा 19 अप्रैल को ही त्रिपुरा पश्चिम सीट पर भी चुनाव होना है।

पीएम मोदी सहित अन्य नेताओं ने अंतिम दिन झोंकी ताकत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य नेताओं ने प्रथम चरण के प्रचार अभियान के अंतिम दिन अपनी ताकत झोंक दी। पीएम मोदी ने पूर्वाह्न असम के नलबाड़ी में चुनावी जनसभा को संबोधित किया और फिर दोपहर में उन्होंने त्रिपुरा के अगरतला में जनता से समर्थन की अपील की। वहीं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पूर्वाह्न सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ गाजियाबाद में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसके बाद वह कर्नाटक में अपनी पार्टी के प्रचार के लिए गए। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी सहारनपुर में रोडशो किया।

इन सीटों पर 19 अप्रैल को डाले जाएंगे वोट

  1. तमिलनाडु : चेन्नई सेंट्रल, श्रीपेरंबदूर, कांचीपुरम, अरक्कोणम, वेल्लोर, कृष्णागिरी, धर्मपुरी, तिरुवन्नामलाई, अरणी, विलुप्पुरम, कल्लाकुरिची, पोलाची, डिंडीगुल, करूर, तिरुचिरापल्ली, पेरम्बलुर, कुड्डालोर, चिदम्बरम, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम, तंजावुर, शिवगंगा, मदुरै, थेनी, विरुधुनगर, रामनाथपुरम, थूथुक्कुडी, तेनकासी, तिरुनेलवेली, कन्याकुमारी, तिरुवल्लुर, चेन्नई ईस्‍ट, चेन्नई साउथ, सलेम, नामक्कल, इरोड, तिरुप्पुर, नीलगिरी व कोयंबटूर।
  2. उत्तर प्रदेश : मुरादाबाद, पीलीभीत, रामपुर, सहारनपुर, कैराना, मुज्जफनगर, बिजनौर व नगीना।
  3. मध्‍य प्रदेश : मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा, सीधी, शहडोल व जबलपुर।
  4. राजस्थान : अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा, नागौर, गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण व जयपुर।
  5. असम : काजीरंगा, सोनितपुर, तखीमपुर, डिब्रूगढ़ व जोरहट।
  6. बिहार : औरंगाबाद, गया, नवादा व जमुई।
  7. महाराष्ट्र : रामटेक, नागपुर, भंडारा-गोंडिया, गढ़चिरौली चिमूर व चंद्रपुर।
  8. छत्तीसगढ़ : बस्तर।
  9. जम्मू-कश्मीर : ऊधमपुर।
  10. अरुणाचल प्रदेश : अरुणाचल पश्चिम व अरुणाचल पूर्व।
  11. मेघालय : शिलांग व तुरा।
  12. उत्तराखंड : टिहरी गढ़वाल, गढ़वाल, अल्मोडा, नैनीताल, उधमसिंह नगर व हरिद्वार।
  13. पश्चिम बंगाल : कूचबिहार, अलीपुरद्वार व जलपाईगुड़ी।
  14. मिजोरम।
  15. त्रिपुरा : त्रिपुरा पश्चिम।
  16. पुडुचेरी।
  17. सिक्किम।
  18. नगालैंड।
  19. अंडमान और निकोबार।
  20. मणिपुर।
  21. लक्षद्वीप।