Site icon Revoi.in

एक दिनी सीरीज : पहला मुकाबला टाई, श्रीलंकाई फिरकी में फंस गए भारतीय बल्लेबाज

Social Share

कोलम्बो, 2 अगस्त। टी20 सीरीज में श्रीलंका का पूर्ण सफाया करने वाली टीम इंडिया को दौरे में पहली बार कड़ी परीक्षा से गुजरना पड़ा और शुक्रवार को यहां खेला गया पहला एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबला टाई छूटा।

हालांकि एक समय यह मैच भारत की झोली में जाता प्रतीत रहा था, लेकिन श्रीलंकाई स्पिनर्स ने अचूक गेंदबाजी से न सिर्फ मेहमान बल्लेबाजों को फंसाया वर आखिरी रन से पहले आखिरी विकेट भी चटका दिया। 11वें क्रम पर बल्लेबाजी करने उतरे अर्शदीप सिंह पहली ही गेंद पर अलांस्का की फिरकी का शिकार बने और भारतीय पारी 47.5 ओवरों में 230 रनों पर सीमित हो गई।

श्रीलंकाई पारी में निसांका और दुनिथ ने ठोके अर्धशतक

आर. प्रेमदासा स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम के सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका ने जिम्मेदाराना अर्धशतक (56 रन, 75 गेंद, नौ चौके) जमाया तो सातवें क्रम पर उतरे दुनिथ वेलालगे (नाबाद 65, 67 गेंद, दो छक्के, सात चौके) ने मोर्चा संभाला और श्रीलंका 50 ओवरों में आठ विकेट पर 230 रन बना ले गया। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए वहीं मो. सिराज, शिवम दुबे, कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर के खाते में एक-एक विकेट आएं।

कप्तान रोहित शर्मा ने जड़ा पचासा

जवाबी काररवाई में भारत की शुरुआत मजबूत रही और कप्तान रोहित शर्मा (58 रन, 47 गेंद, तीन छक्के, सात चौके) व शुभमन गिल (16 रन, 35 गेंद, दो चौके) के बीच 75 रनों की भागीदारी आ गई। लेकिन शुभमन गिल 13वें ओवर में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ दुनिथ वेलालगे (2-39) का शिकार बने और इसके बाद लगातार अंतराल पर विकेट गिरने लगे।

स्कोर कार्ड

रोहित के साथ एक दिनी सीरीज के लिए टीम में लौटे स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (24 रन, 32 गेंद, दो चौके), श्रेयस अय्यर (23 रन, 23 गेंद, चार चौके), ऋषभ पंत पर वरीयता पाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल (31 रन, 43 गेंद, दो चौके), अक्षर पटेल (33 रन, 57 गेंद, एक छक्का, दो चौके) व शिवम दुबे (25 रन, 24 गेंद, दो छक्के, एक चौका) ने भी अपनी ओर से भरसक कोशिश की।

18 गेंदों पर जीत के लिए जरूरी 5 रन नहीं बना सके मेहमान

लेकिन अंतिम क्षणों में भारत अप्रत्याशित रूप से आसान लक्ष्य नहीं पा सका। दरअसल 47वां ओवर खत्म हुआ तो 8-226 के स्कोर पर भारत 18 गेंदों के रहते जीत से सिर्फ पांच रन दूर था। चरिथ असलांका (3-30) की तीसरी गेंद पर शिवम ने चौका जड़ते हुए स्कोर भी टाई कर दिया। लेकिन अगली दो गेंदों पर दुबे व अर्शदीप आउट हो गए और भारत एक निश्चित प्रतीत हो रही जीत से वंचित रह गया। असलांका के अलावा वानिंदु हसरंगा ने भी 58 रन देकर तीन विकेट लिए। दोनों टीमें अब चार अगस्त को इसी मैदान पर दूसरा वनडे खेलेंगी।