Site icon Revoi.in

उज्जैन : होली पर भस्म आरती के दौरान महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में लगी आग, 13 लोग झुलसे, 5 इंदौर रेफर

Social Share

उज्जैन, 25 मार्च। धुलेंडी पर्व पर आज सुबह महाकालेश्वर मंदिर में बड़ा हादसा हो गया, जब भष्म आरती के दौरान गर्भगृह में अचानक आग भभक उठी, जिसकी चपेट में आए 13 पण्डे, पुजारी और सेवक झुलस गए। महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष और कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने बताया घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। इनमें पांच लोगों को इंदौर रेफर किया गया है।

उल्लेखनीय है कि रोज सुबह होने वाली भस्मारती में आज सुबह भी होली का अपार उत्साह था। बड़ी संख्या में दर्शनार्थी इस खास दिन भगवान महाकाल की भस्मारती में शामिल होने पहुंचे थे। भगवान के साथ भक्त होली खेलने पहुंचे थे। इसके लिए भीड़ उमड़ पड़ी और रंग और गुलाल उड़ाने की होड़ मच गई। इसी दौरान आग भभक उठी। बताया जा रहा है गुलाल में केमिकल के कारण आग भभकी और देखते ही देखते गर्भगृह में फैल गई।

मुख्य पुजारी परिवार के पुजारी संजय गुरु, विकास पुजारी, मनोज पुजारी, पुजारी शिवम, आनंद पांडे, अंश पुरोहित, सेवक महेश शर्मा, कमल जोशी, चिंतामन गेहलोत आदि झुलस गए। कलेक्टर ने भी प्रारंभिक तौर पर गुलाल के कारण आग लगने की पुष्टि की है।

सेवक ने बताया – गुलाल में केमिकल से आग

आग से झुलसे एक सेवक ने बताया कि आरती कर रहे पुजारी संजीव पर पीछे से किसी ने गुलाल डाल दिया। गुलाल दीपक पर गिरा। संभवतः गुलाल में केमिकल होने की वजह से आग भड़क गई। उधर, रंग-गुलाल से गर्भगृह की चांदी की दीवार को बचाने के लिए वहां फ्लैक्स लगाए गए थे। इनमें भी आग फैल गई।

आग लगने के बाद कुछ लोगों ने फायर एक्सटिंग्विशर से आग पर काबू पाया। लेकिन, तब तक गर्भगृह में मौजूद आरती कर रहे संजीव पुजारी, विकास, मनोज, सेवाधारी आनंद कमल जोशी समेत 13 लोग झुलस गए थे।

घटना की मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश, जांच समिति 3 दिनों में रिपोर्ट देगी

इस बीच उज्जैन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मृणाल मीना और अपर कलेक्टर उज्जैन अनुकूल जैन द्वारा संपूर्ण घटना की जांच की जाएगी। यह जांच समिति तीन दिनों में अपनी रिपोर्ट देगी।

घायलों को समुचित उपचार के निर्देश

आगजनी में घायल हुए पुजारियों व अन्य को त्वरित रूप से जिला अस्पताल उज्जैन में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी हैं। कलेक्टर उज्जैन नीरज सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और अस्पताल प्रबंधन को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि सभी घायलों की स्थिति सामान्य हैं। श्री महाकालेश्वर मंदिर में पूर्व की तरह दर्शन भी सुचारू रूप से जारी हैं। घायलों को बेहतर उपचार मिले, यह सुनिश्चित किया जा रहा है।