इंदौर, 18 मार्च। मध्य प्रदेश के दूसरे सबसे बड़े शहर इंदौर के बृजेश्वरी एनेक्स रिहायशी इलाके में स्थित एक घर में बुधवार को तड़के भयावह हादसा हो गया, जब घर के बाहर एक इलेक्ट्रिक कार (EV) की चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से भड़की आग में आठ लोग जिंदा जल गए।
हादसे में परिवार के कुछ रिश्तेदार भी शामिल हैं, जो इंदौर में कैंसर का इलाज कराने आए थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार घर में रखे चार सिलेंडर और आठ एसी में ब्लास्ट हुआ था। इसके बाद आग ने भयावह रूप धारण कर लिया। घर की बिजली चली गई और इलेक्ट्रिक गेट खुल नहीं पाए। इसकी वजह से लोग घरों में ही फंस गए। मौके पर पुलिस व प्रशासन के लोग मौजूद हैं।
इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया, ‘शुरुआती जांच के मुताबिक, घर के बाहर एक इलेक्ट्रिक गाड़ी चार्ज हो रही थी और चार्जिंग प्वॉइंट में धमाका हो गया। इसके बाद आग घर तक फैल गई। घर के अंदर 10 से ज्यादा गैस सिलेंडर भी रखे थे, जिनमें से कुछ में धमाका हो गया। इस घटना में आठ लोगों की मौत हो गई है। तीन लोगों को बचा लिया गया है। यह घर मनोज पुगलिया का था, जो पॉलीमर का कारोबार करते थे। घर में कुछ ऐसे केमिकल भी रखे थे, जो ज्वलनशील थे।’
पड़ोसियों ने बताया कि जब सुबह चीख-पुकार मची तो वे बाहर निकले, देखा तो मकान में आग लगी हुई थी। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को इसकी सूचना दी। पड़ोसी इस दौरान बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश में लगे रहे, लेकिन आग तब तक पूरे घर में फैल चुकी थी। फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची तो आठ लोग जिंदा जल गए थे। इस घटना के बाद कॉलोनी में शोक का माहौल है।
हादसे में जान गंवाने वालों में मनोज जैन पुगलिया (60 वर्ष) , सिमरन (30 वर्ष), विजय सेठिया, सुमन, राशि (15 वर्ष), तनय (आठ वर्ष) और छोटू सेठिया भी शामिल हैं। रेस्क्यू किए गए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, परिवार के कुछ लोग इस वजह से बच गए कि वे शादी समारोह के लिए बाहर गए थे। हादसे के बाद इंदौर मेयर पुष्यमित्र भार्गव और मंत्री तुलसी सिलावट घटनास्थल पर पहुंचे।

